आगरालीक्स …(Agra News 26th May)आगरा में कोरोना ने कहर बरपाया, मौत की संख्या पर सवाल उठे, अब प्रशासन आंकडे जारी कर रहा है, दूसरी लहर में 218 की मौत हुई है, 56 दिन में 14718 संक्रमित मिले हैं।
आगरा में कोरोना की दूसरी लहर ने तमाम घरों के चिराग बुझा दिए, एक ही घर में दो से तीन लोगों की सांसें थम गईं। अप्रैल के अंत में श्मशान घाट पर शवों की संख्या तेजी से बढने लगी, एंबुलेंस के साइरन से लोगों की धडकनें तेज होने लगी थी, उस समय सरकारी रिकार्ड के हिसाब से कोरोना से मरने वालों की संख्या कम थी, इस पर सवाल भी उठे थे।
दूसरी लहर में सरकारी रिकॉर्ड में 218 की मौत
कोरोना की दूसरी लहर में अप्रैल से केस तेजी से बढने लगे, इसके साथ ही कोरोना से मौत का सिलसिला भी बढने लगा। 31 मार्च तक कोरोना से 177 मरीजों की मौत हुई थी, यानी मार्च 2020 से मार्च 2021 तक कोरोना पॉजिटिव 177 लोगों की मौत हुई। लेकिन अप्रैल और उसके बाद मई में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की बडी संख्या में मौत हुई। एक अप्रैल से 26 मई के बीच में सरकारी रिकॉर्ड के अनुसार 218 मरीजों की मौत हुई हैं, एक परिवार में दो से तीन लोगों की मौत हो गई।
56 दिन में 14 हजार से अधिक संक्रमित
मार्च 2020 से मार्च 2021 तक 10724 लोग कोरोना से संक्रमित हुए थे लेकिन अप्रैल और मई 2021 में कोरोना की दूसरी लहर में संक्रमण तेजी से पफैला, एक के बाद एक लोग पॉजिटिव होते गए। एक अप्रैल से 26 मई तक 14718 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है, अब 25442 कोरोना पॉजिटिव हैं।