आगरालीक्स …आगरा में 104 कोरोना के केस हैं, कोरोना से जंग में आगरा मॉडल सराहा जा रहा है। अब 21 साल के खिलाडी ने कोरोना को मात दे दी है। आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज से कोरोना का इलाज कराने के बाद मरीज ठीक होकर अपने घर जा चुके हैं।
आगरा में कोरोना के 104 केस हो चुके हैं, इसमें से नौ ठीक हो गए हैं, सात का इलाज दिल्ली में चला था। एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती रेलवे अधिकारी की 25 साल की बेटी के बाद बाईपास स्थित हॉस्पिटल के संचालक डॉक्टर का 21 साल का बेटा एसएन में इलाज के बाद ठीक हो गया है। उसे शनिवार को एसएन से डिस्चार्ज किया गया।
21 मार्च को अमेरिका से आगरा लौटा, वार्ड में सुनाए गाने
बाईपास रोड स्थित हॉस्पिटल संचालक डॉक्टर का 21 साल का बेटा टेनिस खिलाडी है, वह अमेरिका से फाइनेंस मैनेजमेंट की पढाई कर रहा है। वह 21 मार्च को अमेरिका से आगरा लौटा था, यहां 26 मार्च को कोरोना की पुष्टि होने के बाद उसके चिकित्सक पिता मां सहित अन्य की जांच हुई। तीन दिन बाद उसके पिता में भी कोरोना की पुष्टि हुई थी। कोरोना संक्रमित पिता और बेटा एक ही वार्ड में भर्ती थे। वार्ड में 15 मरीज थे, खिलाडी होने के नाते 21 साल के छात्र ने सभी का मनोबल बढाया, उन्हें गाने सुनाए और चुटकले सुनाए। डॉक्टरों ने भी हौसला दिया।
घबराएं नहीं, सामान्य वायरस की तरह है कोरोना
एसएन से डिस्चार्ज होने के बाद उसने कहा कि कोरोना से घबराएं नहीं, यह सामान्य वायरस की तरह है और कोई परेशानी नहीं होती है। जैसा डॉक्टर बताएं वैसा ही करें, जो खाने को दिया जाए उसे खाएं। इस तरह कोरोना को मात दे सकते हैं। क्वारंटाइन किया गया है तो घर से बाहर ना निकलें, इससे दूसरे संक्रमित हो सकते हैं।
2200 कैलोरी का दिया गया खाने
कोरोना संक्रमित मरीजों के इलाज में खाना भी अहम है। यहां भर्ती मरीजों को डाइट में 2200 कैलोरी दी जा रही हैं। जिससे इम्यूनिटी पावर अच्छी हो सके।
एसएन में 24 कोरोना संक्रमित मरीज भर्ती
एसएन में अभी 24 कोरोना संक्रमित मरीज भर्ती हैं। इन मरीजों का इलाज चल रहा है। इनमें से अधिकांश ठीक हैं। जो ठीक होते जा रहे हैं, उनको छुटटी दी जाएगी।