आगरालीक्स ..आगरा में 3687 आम लोगों को कोरोना वैक्सीन लगाई गई, 840 को वैक्सीन की दूसरी डोज लगी।
आगरा में गुरुवार को अपर निदेशक-स्वास्थ्य (एडी हेल्थ) सहित 840 स्वास्थ्य कर्मियों ने कोविड टीके की दूसरी डोज लगवाकर अपना टीकाकरण का कोर्स पूरा कर लिया। इसके साथ ही 110 केंद्रों पर 60 वर्ष से अधिक के बुजुर्गों और 45 से 59 वर्ष के गंभीर बीमारी वाले मरीजों को टीके लगाए गए।
एडी हेल्थ डॉ. एके सिंह ने बताया कि अब तीसरे चरण का टीकाकरण शुरू हो गया है। इसमें जनपद के 110 केंद्रों पर टीकाकरण हो रहा है। उन्होंने बताया कि तीसरे चरण के लिए जनपद में 4.83 लाख लोगों का टीकाकरण करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने बताया कि गुरुवार को उन्होंने और एडी ऑफिस के 30 कर्मचारियों ने टीके की दूसरी डोज लगवाई है। कोविड का टीका भारत में ही बना हुआ और पूरी तरह से सुरक्षित है।इसे कोविड से सुरक्षा के लिए सभी को लगवाना चाहिए।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर. सी. पांडेय ने बताया कि गुरुवार को जनपद में 840 स्वास्थ्य कर्मियों को कोविड टीके की दूसरी डोज और 3687 के फर्स्ट डोज लगाई गई। इसके साथ ही छूटे हुए लोगों और 60 वर्ष से अधिक के बुजुर्गों और 45 से 59 वर्ष तक के गंभीर बीमारी से ग्रसित लोगों का भी टीकाकरण किया गया।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. संजीव वर्मन ने बताया कि चार मार्च से जनपद के 110 केंद्रों पर बुजुर्गों और बीमारों का टीकाकरण किया गया। उन्होंने बताया कि जिला अस्तपाल में सोमवार से शनिवार और अन्य सेंटरों पर सप्ताह में तीन दिन कोविड टीकाकरण किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि गुरुवार को उन्होंने भी अपने कोविड टीके की दूसरी डोज लगवाई है.