आगरालीक्स…शादी के एक साल बाद महिला को पता चला—मेरा पति गंजा है. अब तलाक लेने पर अड़ी. मामला पहुंचा परामर्श केंद्र..पढ़िए पूरी खबर
बाला मूवी जैसी है कहानी
नवंबर 2019 में आयुष्मान खुराना और यामी गौतम अभिनीत एक फिल्म आई थी—बाला. इसमें हीरो जो कि बचपन में अपने घने बालों पर इतराता था वह जवान होने पर बाल झड़ने के कारण शर्मिंदगी महसूस करता था. लेकिन उसने विग यानी नकली बाल लगाकर फिर से लाइफ में एंज्वॉय करना शुरू कर दिया और अपनी हेयर स्टाइल के कारण टिक टॉक गर्ल बनी हीरोइन से शादी कर लेता है. लेकिन, शादी के बाद हीरो के गंजेपन की असलियत जब हीरोइन को पता चलती है तो मामला तलाक तक पहुंच जाता है. ये फिल्मी कहानी मेरठ की एक महिला के लिए हकीकत बनकर सामने आई है. दरअसल बुधवार को मेरठ के परिवार परामर्श केंद्र पर एक महिला तलाक की अर्जी लेकर पहुंची. जब परामर्श केंद्र पर बैठे अधिकारियों ने उससे तलाक की वजह पूछी तो महिला ने कहा कि उसका पति गंजा है और इसका पता उसे एक साल बीतने पर चला.
महिला का आरोप—धोखे में रखकर की शादी
महिला का कहना था कि उसके पति ने उसे धोखे में रखकर शादी की है. उसे नहीं पता था कि उसके पति के बाल नहीं है और वह नकली बाल लगाता है. शादी के एक साल बात उसे जब हकीकत का पता चला तो वह सन्न रह गई. महिला का कहना था कि उसकी शादी जनवरी 2020 में हुई थी लेकिन अब पति के गंजेपन का पता चलने पर वह तलाक चाहती है. उसका कहना है कि पति के गंजा होने पर उसे रिश्तेदारों में शर्मिंदगी का सामना करना पड़ रहा है. हालांकि परिवार परामर्श केंद्र पर मौजूद सभी लोगों ने उसे समझाने का प्रयास किया लेकिन महिला तलाक पर अड़ी रही. परामर्श केंद्र की काउंसिलिंग टीम और महिला के परिवार वाले अब उसे समझाने की कोशिश में जुटे हुए हैं.