आगरालीक्स.. आगरा में कोरोना वायरस से मचे हडकंप के बीच राहत की खबर है, 28 लोगों के सैंपल केजीएमयू भेजे गए थे, इनमें से किसी में भी कोरोना वायरस के लक्षण नहीं मिले हैं। इससे पहले मंगलवार को 25 लोगों के सैंपल भेजे गए थे, उनमें से भी किसी में भी कोरोना के लक्षण नहीं मिले हैं।
आगरा के खंदारी क्षेत्र के जूता कारोबारी अपने परिवार के साथ इटली घूमने गए थे, वहां से 25 फरवरी को आगरा लौटे। जूता कारोबारी सगे भाई, उनकी पत्नी और बेटी में कोरोना वायरस की पुष्टि हुई है, इनका दिल्ली में इलाज चल रहा है। इससे लोग डरे हुए हैं और बच्चों को स्कूल भेजने से बच रहे हैं।
66 के भेजे सैंपल, छह में कोरोना वायरस की पुष्टि
कोरोना संदिग्ध मरीजों के सैंपल जिला अस्पताल, आगरा में लिए जा रहे हैं, पहले दिन सोमवार को जूता कारोबारी के परिवार के 13 लोगों के सैंपल लिए गए। इसमें से छह में कोरोना वायरस की पुष्टि हुई है, सात ठीक हैं। मंगलवार को 25 के सैंपल भेजे गए और बुधवार को 28 के सैंपल भेजे गए, इन सभी में कोरोना वायरस के लक्षण नहीं मिले हैं।