आगरालीक्स.(.Agra News 14th July) शर्मनाक आगरा में अपनी मां को दवा दिलवाने के बहाने बेटा और बहू सिकंदरा में जंगल में छोड गए, बुजुर्ग मां की आवाज सुनकर राहगीरों ने रामलाल वृद्धाश्रम में आश्रय दिलवाया।
आगरा में मंगलवार को रामलाल वृद्धाश्रम के पास जंगल में एक बुजुर्ग महिला रो रही थी, राहगीर मदद को पहुंचे और उन्हें रामलाल वृद्धाश्रम ले गए।
बेटा और बहू छोडकर चले गए
रामलाल वृद्धाश्रम पहुंची बुजुर्ग महिला ने बताया कि उनका नाम महादेवी है। रामलाल वृद्धाश्रम के संचालक शिव प्रसाद शर्मा ने बताया कि महादेवी का कहना है कि वह राजनगर राजा की मंडी की रहने वाली हैं, उनके दो बेटे हैं दोनों की शादी हो चुकी है। उन्होंने अपने बेटों के लिए घर बनवाया, पति की मौत हो गई। इसके बाद दोनों बेटे और बहू उन्हें अपने साथ रखने के लिए तैयार नहीं है।
घर से निकाला तो पडोसियों की मदद से मिला सहारा
पिछले दिनों भी बेटा बहू ने घर से निकाल दिया था, पडोसियों ने पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस दोनों बेटों को थाना ले गई, बेटों ने शपथ पत्र दिया कि वह अपनी मां को अपने साथ रखेंगे, इसके बाद उन्हें जाने दिया गया।
दवा दिलवाने के बहाने घर से ले जाकर जंगल में छोडा
बुजुर्ग महादेवी का कहना है कि मंगलवार को उनके बेटा बहू ने कहा कि तुम्हारी तबीयत ठीक नहीं है, दवा दिलवा लाते हैं। उन्हें घर से ले आए और सिकंदरा के जंगल में छोडकर चले गए, वे अपने परिजनों का नंबर नहीं बता पा रही हैं, उनके घर पर संपर्क किया जाएगा।