आगरालीक्स…वृंदावन के परिक्रमा मार्ग पर महिला की हत्या. गले पर मिले चोट के निशान. पुलिस जांच में जुटी
मथुरा के वृंदावन स्थित परिक्रमा मार्ग पर आज दोपहर को एक महिला की दिनदहाड़े गमछे से गला घोंटकर हत्या की गई है. महिला का शव झोपड़ी में पड़ा मिला है. गौरी गोपाल आश्रम में मजदूरी करके लौटे पति ने अपनी पत्नी को मृत पाया. सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई है. शव को कब्जे में लेकर फोरेंसिक टीम ने महत्वपूर्ण तथ्य जुटाए हैं.
दो महीने से रह रहे थे यहां
मैनपुरी के एक गांव में रहने वाला मजदूर पिछले दो महीने से परिक्रमा मार्ग में गौरी गोपाल आश्रम में मजदूरी कर रहा था. आश्रम के पास ही खाली जमीन में बनी झोपड़ी में वह पत्नी के साथ रहता था. शुक्रवार को वह आश्रम में काम के लिए गया था. रोज की तरह आज दोपहर करीब डेढ़ बजे वह खाना खाने के लिए घर आया तो देखा पत्नी बिस्तर पर मृत पड़ी हुई थी. उसके गले में गमछा बंधा हुआ था. इसके अलावा गले में छीना झपटी के भी निशान दिख रहे थे. सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा. पति ने हत्या की आशंका जताई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.