
बीती रात लाठी डंडों से बोला हमला
जानकारी के अनुसार, थाना सिकंदरा के तहत गांव नगला जऊपुरा निवासी नवाब सिंह (40) के भतीजे राकेश की पुत्री का जन्म दो दिन पहले बिचपुरी के सरकारी अस्पताल में हुआ था। बीती रात राकेश और नवाब सिंह खाना लेकर अस्पताल जा रहे थे। गांव से बाहर निकलते ही पहले से घात लगाए लक्ष्मण सिंह यादव, सत्यवीर यादव और अशोक कुमार सहित एक दर्जन लोगों ने उन पर लाठी-डंडों से हमला बोल दिया और उन्हें गंभीर हालत में वहीं छोड़कर भाग गए। लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल ले गई। जहां, नवाब सिंह को मृत घोषित कर दिया गया। घटना से खुशियों के घर में कोहराम मच गया।
2004 में हुआ था विवाद, मुकदमे में पंजीकृत हैं आरोपी
बताया जाता है कि 2004 में दोनों पक्षों के बच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। मामले में नवाब सिंह ने दूसरे पक्ष पर एससी-एसटी एक्ट के खिलाफ भी केस दर्ज कराया था। मामले में आरोपियों को सजा हुई थी और वे जमानत पर छूटे हुए थे। बताया जा रहा है कि इस मामले की फाइनल सुनवाई 5 अगस्त को होनी थी और लक्ष्मण पक्ष के लोग समझौता करने व कोर्ट में गवाही नहीं देने के लिए नवाब सिंह पर दवाब डाल रहे थे। लेकिन, नवाब सिंह झुकने को तैयार नहीं था। इसी को लेकर उन्होंने नवाब सिंह पर हमला बोल दिया।