आगरालीक्स…(20 July 2021 Agra News) आगरा में काले घने बादल बिना बरसे निकल गए. बारिश का इंतजार ही करते रहे गए लोग. यूपी के 41 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, आगरा का हाल जानिए
नहीं हुई बारिश, उमस ने फिर किया परेशान
आगरा में रविवार को बारिश ने गर्मी से तपिश को शांत किया तो लगा कि मानसून आ गया। सोमवार सुबह से रिमझिम ने काफी हद तक राहत दी थी। इसके बाद मौसम विभाग ने मंगलवार को बारिश की पूर्वानुमान लगाया था। हालांकि मंगलवार सुबह बूंदाबांदी हुई थी। आगरा मंडल के एटा में सुबह करीब पांच घंटे तक तेज बारिश हुई। इसके बाद लोग आस लगाए बैठे थे कि आगरा में भी घने काले बादल बरसेंगे लेकिन दोपहर होते—होते उनकी यह उम्मीद टूट गई। देखते ही देखते ही उमस ने हाल बेहाल कर दिया। लोग गर्मी से परेशान हो उठे। हालांकि बादल लुकाछिपी का खेल खेलते रहे।
यह रहा तापमान
आगरा में तापमान सामान्य से एक डिग्री कम होकर 33.4 रहा। न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम रहा। यह 27.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शाम साढ़े पांच बजे तक ह्यूमडिटी का प्रतिशत 82 रहा।
आज हो सकती है बूंदाबांदी
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, बुधवार को एक या दो स्पैल में बूंदाबांदी हो सकती है। दिनभर बादल छाए रह सकते हैं। ठंडी हवा चलने से लोगों को उमस से राहत मिल सकती है।
41 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने यूपी के 41 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इसमें एटा, कासगंज, मैनपुरी समेत 41 जिले शामिल हैं। इसमें आगरा का नाम नहीं है।