DBRAU, Agra : Self Study Report before NAAC evaluation #agra
आगरालीक्स ….आगरा के आंबेडकर विवि की नैक की बी प्लस ग्रेड है, नैक के मूल्यांकन से पहले सेल्फ स्टडी रिपोर्ट की समीक्षा।

नैक के मूल्यांकन से पहले राज्यपाल राज्यपाल, कुलाधिपति श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने राजभवन में समीक्षा बैठक की। डॉ. भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय, आगरा 2004 में नैक का ‘‘बी‘‘ ग्रेड तथा वर्ष 2017 में ‘‘बी प्लस प्लस‘‘ ग्रेड प्राप्त कर चुका है और अब तीसरी बार मूल्यांकन के लिए ‘सेल्फ स्टडी रिपोर्ट‘ (एस0एस0आर0) दाखिल करने की तैयारी कर रहा है।
विश्वविद्यालय द्वारा नैक मूल्यांकन की तैयारियों के लिए गठित कमेटी के सदस्यों से सभी सातों क्राइटेरिया पर बिन्दुवार जानकारी ली और प्रस्तुतिकरण को बेहतर किये जाने की आवश्यकता पर बल दिया।
समीक्षा के दौरान राज्यपाल ने प्रस्तुतिकरण को असंतोषजनक बताते हुए बेहतर किए जाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने टीम के सभी सदस्यों को स्वकेन्द्रित न रहकर समग्रता के साथ टीम वर्क करने को कहा। उन्होंने प्रत्येक क्राइटेरिया में सुदृढ़ टीम रखने और सहयोगी जोड़ने को कहा। उन्होंने कहा कि क्राइटेरिया हेड यदि अस्वस्थ हो जाए तो टीम के दूसरे सदस्य भी सशक्त प्रस्तुतिकरण दे सकने में सक्षमता बढ़ाएं।
प्रस्तुतिकरण में रिसर्च पॉलिसी के अभाव को भी लक्षित किया। उन्होंने रिसर्च पॉलिसी बनाने और उसे प्रस्तुतिकरण में जोड़ने का निर्देश दिया। राज्यपाल जी ने विद्यार्थियों को नैक की उपयोगिता बताने उन्हें नैक तैयारियों में शामिल करने, विश्वविद्यालय की गतिविधियों में उनकी प्रतिभागिता बढ़ाने पर जोर दिया।
प्रस्तुतिकरण के गठन को कमजोर देखते हुए राज्यपाल जी ने निर्देश दिया कि उच्चतम नैक ग्रेड प्राप्त प्रदेश के विश्वविद्यालयों के प्रस्तुतिकरण का अवलोकन करके विश्वविद्यालय की तमाम व्यवस्थाओें और एस0एस0आर0 में सुधार किया जाए। उन्होंने उल्लिखित प्रत्येक बिंदु के हाइपर लिंक में प्रमाण स्वरूप फोटो ग्राफ लगाकर उल्लेख की गतिविधि दर्शाने को कहा।
क्राइटेरिया सात की समीक्षा करते हुए उन्होंने विश्वविद्यालय में संचालित महत्वपूर्ण बेस्ट प्रैक्टिस के विवरण की प्रस्तुति को बेहद कमजोर बताया और कन्टेंट को प्रभावी तरीके से पुनर्लेखन करने का निर्देश दिया। उन्होंने विश्वविद्यालय द्वारा संचालित कम्यूनिटी रेडियो ‘‘आगरा की आवाज‘‘ की प्रसारण रेंज में श्रोताओं का विवरण बनाने और प्रसारित कार्यक्रमों के लाभार्थियों का अंकन भी प्रस्तुतिकरण में जोड़ने का निर्देेश दिया।
बैठक में अपर मुख्य सचिव डॉ0 सुधीर महादेव बोबडे, विशेष कार्याधिकारी शिक्षा श्री पंकज जॉनी, विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो0 आशु रानी, विश्वविद्यालय द्वारा नैक मूल्यांकन तैयारी के लिए गठित टीम के सभी सदस्य तथा अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।