आगरालीक्स…शादी वाले घर में दोहरी मार. शाम को दूल्हे के चचेरे भाई की मौत..रात को घर में लाखों के आभूषण हुए चोरी.
थाना ताजगंज क्षेत्र का मामला
थाना ताजगंज के गांव लोधई में रहने वाले एक परिवार में बेटे की शादी को लेकर खुशियां थी. छोटे बच्चे से लेकर बडे बुजुर्ग भी खुशियां मना रहे थे, लेकिन शुक्रवार शाम को ऐसा घटनाक्रम हुआ कि खुशियांें की जगह मातम छा गया. गांव लोधई ताजगंज निवासी कल्याण सिंह और दीवान सिंह सगे भाई हैं. दोनों के घर आसपास में हैं. दीवान सिंह के बेटे की कल बारात गई थी. बारात का सामान लेने के लिए दीवान सिंह का भतीजा राजकुमार (25) पुत्र कल्याण सिंह बाइक से जा रमांडा होटल की ओर जा रहा था. इस बीच वह सड़क पर खड़े होकर किसी से मोबाइल फोन पर बात कर रहा था. तभी तेज गति से आ रही कार ने उसे चपेट में ले लिया, जिससे वह बुरी तरह घायल हो गया. परिवार के लोग उसे लेकर शहीद नगर स्थित उपाधयाय नर्सिग होम लेकर पहुंचे, जहां उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। राजकुमार के मरने की जानकारी पर बारात को वापस लौटा लिया गया. दूल्हे और एक दो परिजनों को शादी के लिए भेजा गया.
रात को चोरों ने बनाया घर को निशाना
परिवार के लोग शोक मना रहे थे. रात को चोरों ने दीवान सिंह और कल्याण सिंह के घर को निशाना बना दिया. शादी में आई महिलाओं और घर में रखे आभूषणों तथा नकदी को लेकर भाग गए. चोरी की जानकारी शनिवार सुबह हो सकी. मौके पर पुलिस पहुंच गई.