नईदिल्ली, अलीगढ़, आगरालीक्स…. दिल्ली पुलिस ने अंततः गणतंत्र दिवस पर किसानों को ट्रैक्टर रैली निकालने की अनुमति दे दी है। इसके बाद आगरा, अलीगढ़, बुलंदशहर के किसानों ने दिल्ली बार्डर पर कूच करना शुरू कर दिया है।
गणतंत्र दिवस की परेड के लिए पुलिस के अलावा रिजर्व फोर्सेस को भी किसी भी समय मूव करने के लिए अलर्ट कर दिया गया है। गणतंत्र दिवस की सरकारी परेड के ठीक बाद होने वाली किसान ट्रैक्टर रैली के लिए पुलिस ने तीन विस्तृत रूट बनाए हैं। बीती रात तक दिल्ली की सीमाओँ पर 12 हजार से ज्यादा ट्रैक्टर एकत्रित हो चुके थे। अन्य स्थानों से भी ट्रैक्टर पहुंचना जारी है। आगरा से किसानों के जत्थे रवाना हुए हैं। अलीगढ़ और बुलंदशहर से भी किसानों के जत्थे ट्रैक्टरों से दिल्ली सीमा की ओर रवाना हो रहे हैं। टप्पल क्षेत्र के किसान भी इसमें शामिल हो रहे हैं।
रैली के रूट
पहला- सिंघू बार्डर से ट्रैक्टर रैली कांजावाला, बवाना, औचंदी बार्डर, केएमपी एक्सप्रेस वे से होकर निकलेग औऱ फिर वहीं वापस लौटेगी।
दूसरा- टिकरी बार्डर से ट्रैक्टर रैली नांगलोई जाएगी, फिर नजफगढ़ और वेस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेस वे से होते हुए वापस लौटेगी।
तीसरा- गाजीपुर बार्डर से ट्रैक्टर रैली 56 फीट रोड, अप्सरा बार्डर, हापुड़ को निकलेगी और फिर वापस लौटेगी।
मुंबई में भी किसान आंदोलन
तीन कृषि कानूनों के खिलाफ दिल्ली की सीमाओँ पर चल रहा किसान आंदोलन मुंबई में भी पहुंच गया है। मुंबई के मशहूर आजाद मैदान में महाराष्ट्र के अनेक जिलों से हजारों किसान एकत्र हो गए है। इन किसानों के साथ राज्य सरकार के प्रतिनिधि भी इन प्रदर्शनकारी किसानों के समर्थन में आजाद मैदान पहुंच रहे हैं। केंद्र के पूर्व कृषि मंत्री औऱ एनसीपी सुप्रीमो शरद पवार, महाराष्ट्र सरकार में मंत्री आदित्य ठाकरे समेत राज्य के कई बड़े नेताओँ के इस रैली में शामिल होने की संभावना है।