नईदिल्लीलीक्स… बॉम्बे हाईकोर्ट के यौन उत्पीड़न को परिभाषित करने के फैसले की लोग निंदा कर रहे है। चीन-ताइवान में विवाद में अमेरिकी युद्धपोत उतरा। साथ देश-विदेश की अब तक की खबरें।
छू लेना मात्र यौन उत्पीड़न नहीः कोर्ट
बॉम्बे हाईकोर्ट के यौन उत्पीड़न को परिभाषित करने वाले एक फैसले पर कई लोगों ने कड़ी निंदा की है। बॉम्बे हाईकोर्ट की नागपुर बेंच ने कहा है कि वक्षस्थल को जबरन छू लेने मात्र को यौन उत्पीड़न की संज्ञा नहीं दी जा सकती है। कोर्ट ने एक नाबालिग लड़की के साथ यौन उत्पीडन के मामले में दोषी ठहराए गए व्यक्ति की सजा में बदलाव कर दिया है। इससे पूर्व नागपुर सत्र न्यायालय ने उक्त व्यक्ति को आईपीसी के सैक्शन 354 के तहत एक वर्ष तथा पाक्सो एक्ट के तहत तीन साल कारावास की सजा सुनाई थी लेकिन हाईकोर्ट के आदेश के बाद तीन साल वाली सजा का फैसला निरस्त हो गया है।
13,04 नये संक्रमित मिले
देश में कोरोना वायरस से जंग के तहत कोविड टीकाकरण अभियान जारी है। इस बीच देश में बीते 24 घंटों में 13,204 कोरोना संक्रमण के नए मामले सामने आए हैं। इसी अवधि में 131 मरीजों की कोरोना संक्रमण के चलते मौत हो गई है। देश में कोरोना संक्रमण के मामले बढ़कर 1,06,67,736 हो गए हैं। कोरोना से जान गंवाने वालों की संख्या 1,53, 470 हो गई है। अब तक 1,03,30,084 लोग कोरोना को मात देकर अपने घरों को लौट गए हैं।
अर्णव ने मुझे 40 लाख दियेः पार्थो
टीआरपी घोटाले में गिरफ्तार पार्थो दास गुप्ता ने मुंबई पुलिस को एक हस्तलिखित बयान देकर दावा किया है कि अर्णव ने अपने चैनल के पक्ष में टीआरपी रेटिंग्स के लिए उन्हें 40 लाख रुपये तथा छुट्टिया मनाने के लिए 12 हजार अमेरिकी डालर दिए थे। इन्डियन एक्सप्रेस अखबार के अनुसार 3600 पेजों की पुलिस द्वारा दर्ज कराई गई सप्लीमेंट चार्जशीट में पार्थो दास गुप्ता, ब्रॉडकास्ट ऑडियंस रिचर्स काउंसिल (बार्क) के रोमिल रमगढ़िया और रिपब्लिकन मीडिया नेटवर्क के सीईओ विकास खानचंदानी के खिलाफ दर्ज कराई गई है। इससे पूर्व नवंबर 2020 में पुलिस द्वारा दायर की गई चार्जशीट में 12 लोगों के नाम थे।
चीन-ताइवान में तनाव, अमेरिका ने उतारा युद्धपोत
अमेरिका में नई सरकार आते ही चीन और अमेरिका के बीच एक बार फिर तकरार शुरू हो गई है। इस बार यह तकरार ताइवान को लेकर शुरू हुई है। बता दें कि चीन के 12 लड़ाकू विमान ताइवान के एयर डिफेंस क्षेत्र में पहुंच गए अब उसके जवाब में अमेरिका ने भी अपने लड़ाकू युद्धपोत का बेड़ा दक्षिणी चीन सागर में भेज दिया है। अमेरिकी सेना ने बताया कि यूएसएस थियोडोर रूजवेल्ट के नेतृत्व में कई अमेरिकी युद्धपोत दक्षिणी चीन सागर में पहुंच गए हैं, उसके यह युद्धपोत समुद्र की स्वतंत्रता मिशन को बढ़ावा देने को आए हैं।