फिरोजाबादलीक्स ……डेंगू पीड़ित महिला से नर्सिंग होम में कंपाउंडर ने किया रेप, अरेस्ट।
आगरा मंडल के फिरोजाबाद में डेंगू का कहर बरपा था, डेंगू के मरीजों की तबीयत बिगड़ने पर सरकारी और निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। ऐसे में तीन अक्टूबर को डेंगू संक्रमित एक महिला मरीज को उत्तर कोतवाली के निजी नर्सिंग होम में भर्ती किया गया। महिला का आरोप है कि चार अक्टूबर को नर्सिंग होम के कंपाउंडर नीरज पुत्र छोटेलाल निवासी पोपगढ़ थाना खैरगढ़ ने महिला को नशे का इंजेक्शन दे दिया। इसके बाद महिला मरीज के साथ नर्सिंग होम में रेप किया। महिला नशे की हालत में थी, होश आने पर महिला ने परिजनों को बताया, इसके बाद कोतवाली थाने में महिला की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया।

नर्सिंग होम के पास से कंपाउंडर अरेस्ट
महिला की तहरीर पर थाना कोतवाली में मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस आरोपी कंपाउंडर की तलाश में जुटी थी। मगर, पुलिस उसे पकड़ नहीं सकी। मंगलवार को पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी कंपाउंडर नर्सिंग होम के पास किसी काम से आया है, पुलिस ने रेप के आरोपी कंपाउंडर नीरज को अरेस्ट कर लिया। इसके बाद आरोपी कंपाउंडर को कोर्ट में पेश किया गया। यहां से उसे जेल भेज दिया गया।