आगरालीक्स… आगरा में एससी एसटी बिल के विरोध के प्रमुख चेहरा अखंड भारत मिशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष कथावाचक देवकीनंदन ठाकुर को पुलिस ने शांति भंग की धारा 151 में अरेस्ट किया। करीब दो घंटे बाद शाम पांच बजे देवकीनंदन ठाकुर को शांति भंग की धारा 151 में मुचलका भरवाकर रिहा कर मथुरा की सीमा पर छोड दिया गया।
अखंड भारत एकता मिशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष देवकीनंदन ठाकुर एससी एसटी एक्ट के विरोध का प्रमुख चेहरा बन चुके हैं, मथुरा निवासी देवकी नंदन ठाकुर मंलवार को खंदौली में सभा में शामिल होने जा रहे थे। प्रशासन ने सभा करने की अनुमति नहीं दी, वे सुबह 11 बजे आगरा आ गए। खंदौली में सभा की अनुमति न मिलने पर दोपहर दो बजे टेम्पटेशन रेस्टोरेंट, कमला नगर में प्रेसवार्ता बुलाई गई, यहां पुलिस पहुंच गई और देवकी नंदन ठाकुर को कुछ देर तक रेस्टोरेंट में नजरबंद करके रखा गया। इसके बाद देवकी नंदन ठाकुर और उनके समर्थकों को पुलिस बस में बिठाकर पुलिस लाइन ले आई।
दो घंटे बाद रिहा किए गए देवकी नंदन ठाकुर
देवकी नंदन ठाकुर को पुलिस ने हिरासत में लेने के बाद शांति भंग की धारा 151 में अरेस्ट कर लिया। इसी बीच समर्थक पुलिस लाइन पहुंचने लगे, शाम पांच बजे देवकी नंदन ठाकुर को मुचलके पर रिहा कर पुलिस ने आगरा सीमा से बाहर रिहा कर दिया।
बोले कथावाचक देवकीनंदन ठाकुर
देवकी नंदन ने प्रेसवार्ता में शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन का आह्वïन किया। समर्थकों से कहा कि सरकारी और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान न पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि सरकार के सामने शांतिपूर्ण तरीके से बात रखना चाहते हैं। उन्होंने सरकार को दो माह का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि जैसा था वैसा हो जाए, नहीं तो कड़ा आंदोलन चलाएंगे। वहीं पुलिस द्वारा हिरासत में लेने पर देवकी नंदन ठाकुर ने कहा कि यह लोकतंत्र की हत्या है।