आगरालीक्स…ठाकुर बांके बिहारी जी के दर्शन को पहुंचे श्रद्धालुओं के साथ सुरक्षाकर्मियों की मारपीट. मंदिर में मची अफरातफरी…सात—आठ सुरक्षाकर्मियों ने एक श्रद्धालु को पीटा…
वृंदावन के ठाकुर बांके बिहारी जी की मान्यता जग प्रसिद्ध है. हर प्रांत और हर शहर से यहां हर दिन सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु ठाकुर जी के दर्शन करने के लिए आते हैं, लेकिन गुरुवार शाम को शयनभोग आरती के दौरान दर्शनार्थियों की भीड़ आने पर श्रद्धालुओं और सिक्योरिटी गार्ड के बीच जमकर मारपीट हो गई. गुस्साए 7—8 सुरक्षाकर्मी एक श्रद्धालु को पकड़कर गली में ले गए और वहां बुरी तरह से पीटा. इसका सीसीटीवी भी वायरल हो गया है. आरोपी सुरक्षाकर्मियों के खिलाफ तहरीर दी गई है.

हरियाणा से आए थे श्रद्धालु
बताया जाता है कि ठाकुर जी के दर्शन के लिए कुछ श्रद्धालु यहां आए हुए थे. शाम को शयन आरती के दौरान एक श्रद्धालु को सिक्योरिटी गार्ड मारते पीटते हैं, जिस पर उसके साथी वहां पहुंच जाते हैं और दोनों ओर से मारपीट होने लगती हे. इस पर गुस्साए सात आठ सुरक्षाकर्मी एक श्रद्धालु को पकड़कर मंदिर के बाहर ले जाते हैं और गली में भी उसे पीटते हैं. पुलिस का कहना है कि सुरक्षाकर्मी जीफोरएस कंपनी के हैं. सुरक्षा इंचार्ज देवेंद्र सिंह ने बताया कि सीसीटवी में आरोपी सुरक्षाकर्मी कैद हो गए हैं. इनके नाम पंकज, सुमित, देवेंद्र, मोहित, अजमय, हेमराज, नहार सिंह और लोकेश कुमार हैं. इनके खिलाफ थाने में तहरीर दी गई है. आरोपी सुरक्षाकर्मियों को नौकरी से निकाल दिया गया है.