आगरालीक्स…दिवाली पर घर जाने को रेलवे स्टेशनों, बस स्टैंडों पर लगी भीड़. बस से लेकर ट्रेन, सब हाउसफुल. डग्गेमारों की भी चांदी….
आज शनिवार को छोटी दीवाली पर आगरा से बाहर रहने वाले लोग दिवाली मनाने के लिए अपने घर जाने लगे हैं. बस से लेकर ट्रेन तक सभी हाउसफुल हैं. लोगों को सीट के लिए काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. इसके अलावा डग्गेमार वाहनों की भी खूब पौ बारह हो रही है. बड़ी बात ये है कि ये वाहन निश्चित यात्रियों की संख्या से अधिक यात्रियों को अपने वाहन में लेकर जा रहे हैं.
आज भीड़ ही भीड़
शनिवार को आगरा के बस स्टैंड खासकर आईएसबीटी, ईदगाह पर जबर्दस्त भीड़ यात्रियों के देखने को मिली. हर किसी को जल्दी से जल्दी अपने घर जाने की जल्दी है. दूर के सफर के लिए यात्रियों को बसों का इंतजार करना पड़ रहा है. सामान भी साथ होने के कारण थोड़ी बहुत परेशानी हो रही है. वहीं बात अगर ट्रेनों की करें तो रेलवे द्वारा त्योहार पर स्पेशल ट्रेनें भी चलाई गई हैं लेकिन यात्रियों की संख्या इतनी अधिक है कि ये ट्रेनें भी नाकाफी साबित हो रही हैं. ट्रेनों के स्लिपर कोच भी जनरल कोच की तरह नजर आ रहे हैं. जिन लोगों की सीट कंफर्म हो गई है, उन्हें भी यात्रियों की अधिक संख्या होने के कारण सीट को लेकर एडजस्टमेंट करना पड़ रहा है.