आगरालीक्स… आगरा के पेट्रोल पंपों पर डीजल में भी मिलावट हो रही है, इसकी आशंका पर एक पेट्रोल पंप को टीम ने जांच के बाद सील कर दिया है। डीजल के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं।
आगरा में पेट्रोल पंपों को घटतौली और मिलावट पर सील करने के बाद मुकदमा दर्ज किया गया था, इसके बाद भी खेल नहीं रुका है। ऐसे में मैसर्स त्यागी किसान सेवा केंद्र, लादूखेडा के पेट्रोल पंप पर डीजल में कैरोसिन की मिलावट की शिकायत की गई थी, डीएम गौरव दयाल के निर्देश पर टीम ने बुधवार दोपहर में कार्रवाई की। डीएसओ बीके शुक्ला ने बताया कि पंप पर तीन डिस्पेंसिंग यूनिट हैं। इनमें से एक यूनिट काफी समय से बंद है। बाकी दो यूनिटों में एक-एक पेट्रोल और डीजल की हैं। पंप परिसर में दूसरी जगह टैंक में डीजल रखा मिला। इसके सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं। टीम में डीएसओ के अलावा खेरागढ़ के एसडीएम अभिषेक सिंह, उप आयुक्त खाद्य ओम प्रकाश, क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी सतीश कुमार और आपूर्ति निरीक्षक राजीव तिवारी शामिल थे।