आगरालीक्स…यूनिवर्सिटी की ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल ने शुरू किया अपना काम. स्टूडेंट्स रोजगार के अवसर उपलबध कराने के लिए किया गया मंथन
कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक के निर्देशों के अनुपालन में विश्वविद्यालय में गठित प्रशिक्षण एवं नियुक्ति प्रकोष्ठ” (ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल) ने अपना कार्य प्रारंभ कर दिया है। प्रकोष्ठ के समन्वयक प्रोफेसर यूएन शुक्ला द्वारा आयोजित बैठक में सहायक समन्वयकों प्रोफेसर अनिल गुप्ता और प्रोफेसर एस के जैन के साथ गहन चिंतन मनन किया गया कि विश्वविद्यालय किस प्रकार इस दिशा में तेजी के साथ गतिशील होकर अपने विद्यार्थियों के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध करा सकता है ।
बैठक में लिए गए प्रमुख निर्णय इस प्रकार रहे-
- आवासीय इकाई के सभी विभागों से अनुरोध किया गया है कि वह प्रकोष्ठ में सहयोग करने के लिए अपने यहां से एक-एक शिक्षक नामित करें । इस हेतु एक पत्र भी जारी किया गया है।
- ट्रेंनिंग एंड प्लेसमेंट सेल के लिए विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर एक पोर्टल बनाया जाएगा, जिस पर प्रत्येक विभाग अपने विद्यार्थियों का डाटा अपलोड करेगा।
- विद्यार्थियों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए अभी प्रारंभिक रूप से विश्वविद्यालय द्वारा प्रत्येक वर्ष एक रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा।
- विद्यार्थियों को बहुराष्ट्रीय कंपनियां द्वारा लिए जाने वाले साक्षात्कार में सम्मिलित होने के लिए प्रशिक्षित किया जाएगा और इस हेतु शीघ्र ही एक सॉफ्ट स्किल डेवलपमेंट एजेंसी के साथ अनुबंध किया जाएगा ।
- विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास और उन्हें साक्षात्कार के लिए तैयार करने में मदद करने के लिए देश-विदेश के कार्यकारी प्रमुखों , उद्योगपतियों , इन्नोवेटर्स को आमंत्रित किया जाएगा एवं कार्यशाला आयोजित की जाएंगी।
शनिवार को ज़ूम प्लेटफार्म पर संपन्न हुई बैठक में कुलपति ने प्रोफेसर शुक्ला को निर्देश दिए हैं कि इस दिशा में तेजी से कार्य करें। वर्तमान छात्रों और पूर्व छात्रों का डेटाबेस तैयार करें। उच्च पदों पर प्रतिष्ठित पूर्व छात्रों से संपर्क करें और उनके माध्यम से प्रतिष्ठित और बहुराष्ट्रीय कंपनियों को विश्वविद्यालय में प्लेसमेंट के लिए आमंत्रित करें।