आगरालीक्स …आगरा के आंबेडकर विवि से संबदृध् सेंट जोंस, आगरा कॉलेज, बैकुंठी देवी सहित आठ जिलों के कॉलेजों के अंतिम वर्ष के छात्रों की परीक्षा सितंबर में होगी, प्रथम और द्वितीय वर्ष के छात्र अगली क्लास में प्रमोट कर दिए गए हैं। इसे लेकर गुरुवार को विवि की परीक्षा समिति की बैठक में निर्णय लिया गया। इस तरह सितंबर में विवि द्वारा बीए, बीएससी, बीकॉम और एमए, एमएमएसी एमकॉम के साथ ही सेमेस्टर अंतिम वर्ष की परीक्षाएं कराई जांएगी, इसमें करीब एक लाख छात्र शामिल होंगे। अंतिम वर्ष के छात्र किसी विषय में फेल हो जाते हैं तो अंतिम वर्ष की परीक्षा में एक मौका और दिया जाएगा। बैठक में प्री पीएचडी कोर्स वर्क के विद्यार्थियों को प्रमोट करने निर्णय लिया गया, आंतरिक परीक्षा व प्रोजेक्ट वर्क के अंकों के आधार पर प्रमोट किया जाएगा। अब इनकी आरडीसी की बैठक होगी। कुलपति प्रो. अशोक मित्तल ने बैठक की अध्यक्षता की।उनके साथ कुलसचिव डा. अंजनी कुमार मिश्रा, परीक्षा नियंत्रक डा. राजीव कुमार,प्रो.हरिवंश सोलंकी,डा. सुकेश यादव, डा. निर्मला यादव, प्रो. यूसी शर्मा, विशेष आमंत्रित सदस्य प्रो. अजय तनेजा, प्रो. संजीव कुमार मौजूद रहे।
ये लिए गए निर्णय
प्रथम वर्ष छात्रों को 2021 में द्वितीय वर्ष की परीक्षा के आधार पर मिलेंगे अंक
बीए, बीएससी और बीकॉम प्रथम वर्ष के छात्रों ने जिन विषयों की परीक्षा दी है, उसका मूल्यांकन कराया जाएगा, जिन विषयों की परीक्षा नहीं दे पाए हैं उन विषयों में द्वितीय वर्ष की परीक्षा के आधार पर अंक दिए जाएंगे। वहीं, द्वितीय वर्ष के छात्रों को प्रथम वर्ष के अंकों के आधार पर अंक दिए जाएंगे।