आगरालीक्स… आगरा में आज जाम में फंस सकते हैं, आंबेडकर विवि के दीक्षा समारोह में राज्यपाल राम नाईक, गृहमंत्री राजनाथ सिंह आ रहे हैं, वे छह घंटे आगरा में रहेंगे। इस दौरान खंदारी चौराहे से लेकर एमजी रोड पर जाम लग सकता है, वीवीआईपी के मूवमेंट के दौरान यातायात बंद रहेगा।
सोमवार को गृहमंत्री राजनाथ सिंह सुबह 10:30 बजे खेरिया के एयरफोर्स स्टेशन पर उतरेंगे। यहां से वह सीधे दीक्षांत समारोह में शिरकत करने के लिए खंदारी कैंपस पहुंचेंगे। अपराह्न 12:45 से 1:15 बजे तक का समय खंदारी कैंपस में ही आरक्षित रखा गया है। यहां से नार्थ ईदगाह कालोनी जाएंगे। अपराह्न 2:15 बजे जीआईसी मैदान पहुंचेंगे। जहां वह भारत केशरी दंगल के समापन समारोह में भाग लेंगे।

यहां वह दंगल के विजेताओं को पुरस्कृत भी करेंगे। सवा चार बजे कोठी मीना बाजार मैदान पर आयोजित आगरा महोत्सव में पहुंचेंगे। इस कार्यक्रम में भाग लेने के बाद उनका काफिला खेरिया हवाई अड्डे पहुंचेगा, जहां से वह दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे। गृहमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए जा रहे हैं। उनके साथ राज्यपाल राम नाईक भी आएंगे।
अन्नपूर्णा का करेंगे शुभारंभ
दीक्षांत समारोह में गृहमंत्री और राज्यपाल राम नाईक सबसे पहले चाणक्य भवन और पैरा मेडिकल इंस्टीट्यूट का शिलान्यास करेंगे। इसके अलावा अन्नपूर्णा कैंटीन का लोकार्पण किया जाएगा।विवि के खंदारी परिसर में अतिथि गृह में बराबर में चाणक्य के नाम से शिक्षक भवन का निर्माण किया जाना है। इसके अलावा सुल्तानगंज की पुलिया स्थित छात्रवास में पैरा मेडिकल इंस्टीट्यूट के भवन का निर्माण होना है। दोनों बिल्डिंग का निर्माण 23 करोड़ की लागत से होगा।
दीक्षांत समारोह की पूर्व संध्या पर रविवार शाम पांच बजे तक सेठ पदम चंद जैन इंस्टीट्यूट में उत्तरीय और डिग्री लेने के लिए छात्र-छात्रएं आते रहे। शाम तक 72 पीएचडी, चार डीलिट और 86 एमफिल की डिग्री वितरित की गईं। कैंपस में डिग्री के साथ छात्र-छात्रओं ने फोटो शूट कराया।