आगरालीक्स….आगरा के डॉ भीमराव अंबेडकर विवि की परीक्षा में सबसे बडी चूक हुई है। बीए थर्ड ईयर में 2016 में जिस पेपर से छात्रों ने परीक्षा दी थी 2017 की परीक्षा में वही पेपर इस्तेमाल कर लिया गया, कुलपति ने पेपर निरस्त कर दिया है।
आगरा के डॉ भीमराव अंबेडकर विवि के कुलपति डॉ अरविंद दीक्षित ने गुरुवार को अपने कार्यकाल के चार महीने पूरे होने पर गेस्ट हाउस में प्रेस को संबोधित किया। पिछले चार महीने की उपलब्धि और भविष्य की योजनाएं बताने के बाद उन्होंने कहा कि विवि की परीक्षाओं में एक बडी चूक हुई है, ये परीक्षाएं 722 परीक्षा केंद्रों पर 18 मार्च से चल रहीं हैं और 18 मई तक परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी।
पिछले साल के पेपर से करा दी परीक्षा
31 मार्च को सुबह सात से 10 बजे की पाली में बीए थर्ड ईयर भूगोल का प्रश्न पत्र था। जिस पेपर से 2016 में परीक्षा हुई थी, उसी पेपर से 2017 की परीक्षा करा ली गई। परीक्षा होने के बाद भी विवि प्रशासन को पता नहीं चला, मूल्यांकन के लिए कॉपी भेज दी गईं।
एक छात्र ने भेजा पत्र, पेपर किया निरस्त
पेपर होने के बाद भी विवि के अधिकारियों को जानकारी नहीं हुई, एक छात्र ने कुलपति को पत्र लिखा, इसमें बीए थर्ड ईयर का पेपर पिछले साल के प्रश्न पत्र से कराए जाने की जानकारी दी। इसकी जांच कराई गई तो यह सही निकला। कुलपति अरविंद दीक्षित ने कहा कि पेपर निरस्त कर दिया गया है, निरस्त पेपर दोबारा कराने की तिथि बाद में घोषित की जाएगी।
12 हजार से अधिक छात्रों की दोबारा परीक्षा
बीए थर्ड ईयर के 12 हजार छात्रों ने भूगोल की परीक्षा दी थी, यह परीक्षा निरस्त कर दी गई है, उन छात्रों को दोबारा परीक्षा देनी होगी, इसके लिए विवि प्रशासन जल्द ही तिथि घोषित करेगा
Leave a comment