आगरालीक्स…आगरा के डॉ. निशा सिंघल मर्डर केस में आरोपी को उम्रकैद. डॉक्टर पति ने कहा था—जब तक आरोपी को सजा नहीं दिलवाउंगा, चैन से नहीं बैठूंगा..निर्मम तरीके से की गई थी हत्या…
आगरा के कमला नगर में दंत चिकित्सक डॉ. निशा सिंघल मर्डर केस में आरोपी शुभम को अदालत ने आजीवन कारावास की सजा सुनाई है. विशेष न्यायाधीश दस्यु प्रभावी क्षेत्र रविकांत ने शनिवार को अभियुक्त शुभम पाठक् को यह सजा सुनाई और 17 हजार रुपये के अर्थदंड भी लगाया. करीब साढ़े तीन साल पहले आरोपी शुभम ने कमला नगर के कावेरी कुंज में रहने वाली डॉ. निशा सिंघल की उनके घर में घुसकर चाकू से हत्या कर दी थी. शुभम ने डॉ. निशा सिंघल के बच्चों पर भी हमला किया था लेकिन उन्होंने किसी तरह अपनी जान बचा ली थी. हत्या के बाद घर में लूटपाट भी की गई थ्ी.
अभियोजन पक्ष की तरफ से वादी के वरिष्ठ अधिवक्ता दीपक शर्मा एवं एडीजीसी आदर्श चौधरी ने वादी, उनकी सात वर्षीया पुत्री, थानाध्यक्ष नरेंद्र शर्मा सहित आठ गवाह अदालत में पेश किए. मुकदमे के विचारण उपरांत साक्ष्य के आधार पर विशेष न्यायाधीश दस्यु प्रभावी क्षेत्र रविकांत ने हत्या के आरोपी शुभम पाठक को आजीवन कारावास एवं पांच हजार रुपये के अर्थदंड, लूट के आरोप में 10 वर्ष कैद एवं पांच हजार रुपये के अर्थदंड, हत्या के प्रयास में पांच साल कैद व पांच हजार रुपये के अर्थदंड एवं आयुध अधिनियम में दोषी पाते हुए उसे दो वर्ष कैद एवं दो हजार रुपये के अर्थदंड से दंडित किया. अदालत ने सभी सजाएं साथ—साथ चलाने के आदेश दिए.
पति ने जेवर लेने से किया मना
पुलिस द्वारा आरोपी शुभम के कब्जे से बरामद लाखों रुपये के जेवर एवं नकदी को वादी मुकदमा द्वारा रिलीज नहीं कराया गया. उनका कहना था कि जब पत्नी ही चली गई तो उसके आभूषण लेकर क्या करूंगा. इस बाबत अदालत ने आदेश दिया कि रिलीज प्रार्थना पत्र पेश नहीं करने पर यह सामान राज्य सरकार के पक्ष में जब्त किया जाए.
अब निर्मम हत्या के बारे में जाने
कावेरी कुंज कमला नगर निवासी प्लास्टिक सर्जन डाॅ अजय सिंघल अपनी पत्नी दंत चिकित्सक डाॅ निशा सिंघल, बेटा और बेटी के साथ रह रहे थे। 20 नवंबर 2020 को डाॅ अजय सिंघल अस्पताल गए थे, घर पर उनकी पत्नी डाॅ निशा सिंघल और दोनों बच्चे थे. डॉ. अजय सिंघल जब वापस आए तो उन्होंने पत्नी डॉ. निशा सिंघल को लहूलुहान हालत में देखा, जबकि उनके दोनों बच्चे बुरी तरह से दहशत में थे और वो भी घायल थे. बच्चों ने पुलिस को बताया कि शुभम पाठक कैबल सही करने के लिए घर पर आया था, उसने दोनों बच्चों को कमरे में जाने के लिए कह दिया, इसके बाद डाॅ निशा सिंघल की हत्या कर दी. दोनों बच्चों पर भी हमला किया, बच्चों को मरा हुआ समझ कर वहां से चला गया. पुलिस ने रात को ही मुठभेड़ के दौरान आरोपी शुभम को अरेस्ट कर लिया था.
पति ने कहा था—जब तक आरोपी को सजा नहीं दिलवाउंगा चैन से नहीं बैठूंगा
डाॅ अजय सिंघल मूलरूप से रूपवास भरतपुर के रहने वाले हैं. मीडिया रिपोर्ट के अनुसार पत्नी की हत्या के बाद डाॅ अजय सिंघल ने दोनों बच्चों को रूपवास भेज दिया. वे कमला नगर से भी अपना घर बेचकर यहां से जाना चाहते थे, लेकिन बाद में उन्होंने निर्णय लिया कि जब तक कातिल को सजा नहीं दिलवा दूंगा चैन से नहीं बैठूंगा. उन्होने कहा था कि इस घर से उनकी पत्नी की यादें जुडी हुई हैं, इसलिए घर नहीं बेचेंगे.