
पीएफए संस्था की दीप्ती उपाध्याय को सूचना मिली थी कि बतखों की तस्करी की एक खेप कर्नाटक से रुद्रपुर (उत्तरांचल) ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही हरकत में आई पीएफए टीम ने थाना न्यू आगरा पुलिस से संपर्क किया। पुलिस ने भगवान टॉकीज के पास से इस ट्रक को चेकिंग के दौरान कब्जे में ले लिया। ट्रक के साथ छह आरोपियों को भी दबोचा गया है। ट्रक में ठूंस ठूंस कर बतखों को भरा गया था। जब उन्हें आजाद किया गया, तो उसमें से 100 बतखें मरी पाई गईं।
पीएफए संस्था की दीप्ती उपाध्याय ने थाना न्यू आगरा में हिरासत में आए सभी छह आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया हैं। उन्होंने बताया कि शिकायत मिल रही थी, लेकिन ये पकड़ से दूर थे। निश्चित ही यह बडी सफलता है। आगे का काम पुलिस का है। यह गिरोह कहां का है, और बतखों की किसके इशारे पर तस्करी हो रही थी, इस बात का खुलासा पुलिस पूछताछ में होगा।
खाए जाते हैं अंडे
पुलिस हिरासत में आए आरोपियों ने बताया कि इन बतखों के अंडे खाने के काम आते हैं। इनको रुद्रपुर स्थित फार्म हाउस पर ले जाया जा रहा था, इसमें तस्करी का कोई मामला नहीं है। उधर इस मामले में पीएफए संस्था की दीप्ती उपाध्याय ने बताया कि इन बतखों को वाइल्ड लाइफ वालों को सौंप दिया जाएगा।
Leave a comment