लखनऊलीक्स… सुल्तानपुर में आज एआरटीओ के सिपाही और ड्राइवर को ट्रक ने रौंद दिया। दोनों की मौके पर मौत। कार को भी टक्कर मारी।
लोहे की चादरों से लदा था ट्रक
यूपी के सुल्तानपुर में एआरटीओ (प्रवर्तन) के सिपाही औऱ ड्राइवर को लोहे की चादरों से लदे एक ट्रक चालक ने रौंद दिया, जिससे दोनों की मौके पर मौत हो गई। एआरटीओ (प्रवर्तन) राकेश कुमार आज सुबह चार बजे लखनऊ-बलिया मार्ग पर चेकिंग कर रहे थे।
रुकने का इशारा करते ही चालक ने स्पीड बढ़ाई
इस दौरान सिपाही अरुण कुमार और ड्राइवर अब्दुल मोबिन ने एक ट्रक को रुकने का इशारा किया। इस पर चालक ने ट्रक की स्पीड को बढ़ा दिया और दोनों लोगों को रौंद दिया। दोनों ने बचने का प्रयास किया लेकिन कामयाब नहीं हो सके।
एआरटीओ की कार में भी मारी टक्कर
इस बीच एआरटीओ की कार को भी ट्रक ने टक्कर मारी लेकिन राकेश किसी तरह से बच गए और भागकर पुलिस को सूचना दी। इस बीच चालक ट्रक से कूदकर भाग गया।
सात दिन में तीसरी वारदात
पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन ट्रक चालक का पता नहीं चल सका। सिपाही और ड्राइवर दोनों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। अधिकारी मौके पर पहुंच चुके हैं। देश में वाहन से कुचलकर अधिकारियों औऱ पुलिसकर्मियों की रौंदने की सात दिन में यह तीसरी घटना है।