आगरालीक्स… आगरा रीजन के वेटरनेरी विवि, मथुरा के दीक्षांत समारोह के गोल्ड मेडलिस्ट ने सुसाइड कर लिया। राज्यपाल राम नाईक के सामने मंच से गोल्ड मेडल विजेताओं के नामों की घोषणा की गई। इसमें एमवीएससी के छात्र अचिंत्य को गोल्ड मेडल की घोषणा के साथ कहा कि वह अब दुनिया में नहीं है।
मंगलवार को
उत्तर प्रदेश पंडित दीनदयाल उपाध्याय पशुचिकित्सा विज्ञान विश्वविद्यालय एवं गो-अनुसंधान, मथुरा का सातवां दीक्षांत समारोह की अध्यक्षता राज्यपाल राम नाईक ने की। एक के बाद एक मेधावियों के नाम और उन्हें दिए जाने वाले मेडल की घोषणा की गई। कर्नाटका निवासी अचिंत्य को गोल्ड मेडल देने की घोषणा के साथ कहा कि वह अब दुनिया में नहीं हैं। एमवीएससी की परीक्षाएं होने के बाद अचिंत्य अपने घर चला गया था, अचिंत्य के परिवारीजनों ने विवि को जानकारी दी कि उसने आत्महत्या कर ली है, क्या हुआ और क्यों आत्महत्या की, इस बारे में कोई जानकारी नहीं है। दीक्षांत समारोह में अचिंत्य के मेडल को लेने के लिए भी कोई नहीं पहुंचा।
क्रिएटिव और पशु प्रेमी था अचिंत्य
शिक्षकों का कहना है कि अचिंत्य क्रिएटिव होने के साथ वह पशु प्रेमी था, भावुक भी बहुत था। एक बार एक युवक पिल्ले को विवि में छोड गया, पिल्ला अपाहिज और बीमार था, अचिंत्य ने पिल्ले का इलाज किया, उसके लिए ऐसी गाडी बनाई कि वह चल सके, उसका नाम भोली रख दिया था।
मिल चुका था जॉब
शिक्षकों ने बताया कि अचिंत्य क्लास में अव्वल आता था, उसे जॉब भी मिल गया था, उसे हैदराबाज में होने जा रही कांफ्रेंस में शामिल होना था लेकिन उससे पहले ही उसकी सुसाइड की दुखभरी खबर आ गई। अचिंत्य का व्हाटस एप और फेसबुक भी बंद है, उसकी सुसाइड की जानकारी होने से साथी छात्रों के साथ शिक्षक दुखी हैं। दीक्षांत समारोह में भी अचिंत्य को लेकर चर्चाएं होती रहीं, किसी को भरोसा नहीं हो रहा है कि अचिंत्य ने आत्महत्या कर ली है।