आगरालीक्स आगरा ताजमहल देखने के लिए निकले एक परिवार की कार आगे चल रहे ट्रक में जा घुसी, रुह कंपा देने वाले दर्दनाक.. हादसे में कार सवार आठों लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
रविवार सुबह यमुना एक्सप्रेसवे पर माइल स्टोन 140 बलदेव मथुरा से आगरा की तरफ वैगन आर कार जा रही थी। तेज स्पीड कार आगे चल रहे ट्रक में जा घुसी, तेज आवाज के साथ चीख पुकार मचने पर स्थानीय लोग आ गए। कार का अधिकांश हिस्सा ट्रक में पफंस गया, इससे घायलों को निकालने में परेशानी हुई। कार को कटर से काटकर घायलों को बाहर निकाला गया।
5 की मौके पर मौत, तीन ने इलाज के दौरान मौत
हादसे के बाद कटर से कार को काटकर लोगों को बाहर निकाला गया, पुलिस के अनुसार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। तीन घायलों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया, शाम को उनकी भी मौत हो गई। हादसे में कार सवार आठों लोगों की मौत हो गई है।
ताजमहल घूमने आ रहा था परिवार
पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि कार सवार सभी लोग नौहझील क्षेत्र के बाजना में अपनी रिश्तेदारी में शनिवार को आए थे। रविवार सुबह दो कार से ताजमहल जाने के लिए निकले। इसमें से वैगन आर कार आगे चल रहे ट्रक में जा घुसी।
इनकी हुई मौत
पुलिस ने शव के पास से मिले दस्तावेजों से शिनाख्त की, इसमें दो सगी बहनें नीरज (30) पत्नी प्रेमचंद्र और अनीता (32) पत्नी शिवकुमार समसम नगर गौतमबुद्धनगर, विष्णु (24) पुत्र सुरेश चंद्र गांव भूड़खिला पलवल हरियाणा, संतोषी (19) पुत्री भीमसेन सुरीर मथुरा, शालू (20) पुत्री जयप्रकाश बनेल थाना पहासू बुलंदशहर, गब्बर पुत्र बिरम सिंह (24) खेड़ली बल्लभगढ़ हरियाणा, अंजली (11) पुत्री शिवकुमार समसमनगर और तरुणा (21) पुत्री सलेख चंद्र निवासी गुलाबटी बुलंदशहर हैं।