आगरालीक्स.. आगरा में गोवा की तर्ज पर मोटर साइकिल कैब दौडेंगी लेकिन पुरुष चालक महिला सवारी को नहीं बिठा सकेंगे।
शुक्रवार को कमिश्नर के राम मोहन राव की अध्यक्षता में हुई संभागीय परिवहन प्राधिकरण की बैठक में दोपहिया मोटरसाइकिल कैब को परमिट दिए जाने का फैसला लिया गया। 50 मोटरसाइकिल को मोटर कैब का परमिट निर्धारित शर्तो का पालन करने पर दिया जाएगा। इसके लिए कैब पर जीपीएस लगा होगा। चालक न यूनिफॉर्म में होगा और पुलिस से उसका सत्यापन भी होगा। पुरुष चालक कैब में महिला सवारी को नहीं बैठा सकेगा। शैक्षणिक संस्थाओं के स्टाफ को लाने-ले जाने के लिए गैर सीएनजी और मोटर कैब वाहनों को परमिट देने का भी फैसला लिया गया।
आगरा को मिली इलेक्ट्रिक बस
ताजनगरी को शुक्रवार को पहली इलेक्टिक बस मिल गई। ये बस आगरा से दिल्ली तक 80 किमी की रफ्तार से दौड़ेगी। इसमें कई अत्याधुनिक सुविधाएं हैं। बस में 35 सवारियों के बैठने की व्यवस्था है। आइएसबीटी पहुंची बस में तीन बैटरी पैक लगे हैं। एक बार चार्ज होने पर यह 350 किमी तक दौड़ सकती है। इसमें एयरकंडीशन, सीसीटीवी से लेकर जीपीएस की भी सुविधा है। दिव्यांग यात्रियों के लिए व्हीलचेयर की सुविधा भी दी गई है। इसके चारों पहियों में डिस्क ब्रेक है।
आईएसबीटी पर चार्ज होगी बस
इलेक्टिक बस को चार्ज करने के लिए आइएसबीटी पर 80 किलो वाट का बिजली कनेक्शन लिया जाएगा। शुक्रवार को इसके लिए परिवहन निगम के अफसरों ने टोरंट के अधिकारियों से वार्ता की। अगले दो से तीन दिन में बिजली का कनेक्शन मिल जाएगा।