
कान्सेप्ट फोटो
अंबेडकर विवि के आवासीय संस्थान आईईटी (इंस्टीटयूट आॅफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी) में फोर्थ सेमेस्टर के अलग अलग ब्रांच के छात्रों के बीच विवाद चल रहा था। बुधवार को मैकेनिकल ब्रांच के छात्रों ने कंप्यूटर साइंस ब्रांच के छात्र सुनील कुमार को क्लास रूम के बाहर पकड लिया। उसे पीटने लगे, विरोध करने पर साथी छात्रा को धक्का मार दिया, वह गिर गई और उसका चश्मा टूट गया। इस पर दूसरे गुट के छात्र भी आ गए। कैंपस में मारपीट और शिक्षक भी सक्रिय हो गए। सुनील कुमार ने छात्र अजीत वर्मा, अजीत यादव, जयंत बघेल, संदीप साहू पर मारपीट का आरोप लगाया है और छात्रा ने चारों पर अभद्रता के आरोप लगाए हैं। संस्थान के निदेशक डॉ वीके सारस्वत ने चारों आरोपी छात्रों को निलंबित कर दिया है। उनके परिजनों को बुलाया गया है। मामले की जांच के लिए डॉ मनु प्रताप, डॉ शालिनी शर्मा, डॉ राजेश लवानिया और डॉ अजीत सिंह की कमेटी बनाई है। कमेटी मामले की जांच कर रही है।
संस्थान में मची खलबली
क्लास रूम के बाहर छात्र की पिटाई से आईईटी में खलबली मची हुई है। इस घटना से छात्र छात्राओं में आक्रोश है। पिछले कुछ दिनों से संस्थान में इस तरह की घटनाएं होने से छात्र आक्रोशित हैं। छात्र संघ अध्यक्ष क्रष्ण मणि त्रिपाठी भी आईईटी का छात्र है, इसे लेकर संस्थान प्रशासन भी सतर्क हो गया है। छात्रों को मारपीट न करने के लिए आगाह किया गया है। इसके लिए चार सदस्यीय कमेटी संस्थान में छात्रों पर नजर रखेगी।
Leave a comment