यूपीलीक्स…एटा में 40 मिनट में 4 लोगों की हत्या. घर में घुसकर डॉक्टर, उनकी पत्नी, बेटे की बहू और नातिनी को मार डाला…पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कर रही जांच
यूपी के एटा में सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया गया है. घर में घुसकर डॉक्टर, उनकी पत्नी, बेटे की बहू और नातिनी की बेरहमी से हत्या की गई है.40 मिनट के अंदर इस हत्याकांड को अंजाम दिया गया है. सूचना पर पुलिस के आला अधिकारी पहुंचे हैं. सीसीटीवी फुटेज को चेक किया जा रहा है. पुलिस को शक है कि इस हत्याकांड में कारोबारी का कोई अपना शामिल हो सकता है. अपर पुलिस अधीक्षक ने फील्ड यूनिट और डॉग स्क्वॉयड के साथ पड़ताल की है.हमलावरों की तलाश में सीसीटीवी देखे जा रहे हैं.
एटा के कोतवाली थाना क्षेत्र में नगला प्रेमी है. यहां दो मंजिला मकान में 75 वर्षीय डॉक्टर गंगा सिंह, अपनी पत्नी श्यामा, बेटा कमल सिंह, बेटे की बहू रत्ना, नातिन ज्योति और लक्ष्मी व नाती देवांश के साथ रहते हैं. सोमवार दोपहर को कमल सिंह अपनी बेटी लक्ष्मी के साथ मेडिकल स्टोर पर गए हुए थे जबकि देवांश स्कूल गया हुआ था. बेटा कमल सिंह दोपहर एक बजे घर पर खाना खाने आया, उस समय तक सब ठीक था और करीब 20 मिनट बाद वो दोबारा घर से मेडिकल स्टोर पर चले गए. करीब 40 मिनट बाद यानी दो बजे बेटा देवांश स्कूल से घर लौटा तो उसने घर में लाशें देखीं. ग्राउंड फ्लोर पर गंगा सिंह की लाश चारपाई पर पड़ी थी तो वहीं कमल की मां श्यामा देवी और बेटी ज्योति के शव प्रथम तल पर कमरे की फर्शपर पड़े थे और देवांश की मां रत्ना का शव बेड पर था. उसने शोर मचाकर लोगों को बुलाया तब हत्याकांड का पता चला.

जांच को पहुंची पुलिस
चार लोगों की हत्या की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई. श्यामा देवी के शरीर में हलचल थी और उनकी सांसें चल रही थीं. उन्हें अस्पताल ले जाया गया लेकिन उन्होंने भी दम तोड़ दिया. शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. कमरे में जहां लाशें पड़ी थीं, वहां खून से सनी इंटरलॉकिंग वाली ईंट पड़ी थी. आशंका है कि इसी ईंट से सभी की हत्याएं की गई हैं. पुलिस को शक है कि इस हत्याकांड में कारोबारी का कोई अपना शामिल हो सकता है. अपर पुलिस अधीक्षक ने फील्ड यूनिट और डॉग स्क्वॉयड के साथ पड़ताल की है.हमलावरों की तलाश में सीसीटीवी देखे जा रहे हैं.
11 फरवरी को थी ज्योति की शादी
परिवार की बड़ी बेटी और मृतका ज्योति की शादी 11 फरवरी को थी. घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं.