आगरालीक्स…. आगरा में नकली रजनीगंधा और गोल्ड मोहर बनाने की फैक्ट्री पकडी गई है, पुलिस के छापे में भारी मात्रा में पान मसाला बनाने का सामान और मशीन जब्त की गई हैं। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है।
सीओ छत्ता बीएस त्यागी ने बताया कि अग्रसेन पुरम गोलीकांड में हिस्ट्रीशीटर मोनू यादव, जानू और उसके साथियों को नामजद किया गया था। पुलिस को नामजद जानू के बिजनेस पार्टनर सुरेंद्र वर्मा के घर छिपे होने की जानकारी मिली थी। पुलिस टीम ने चंदन नगर में सुरेंद्र वर्मा के घर दबिश दी। वहां जानू तो नहीं मिला। घर में चल रही फैक्टरी देखकर पुलिस के होश उड़ गए। रजनीगंधा, तुलसी, गोल्डमोहर, विमल, राजश्री, दिलबाग, बी -1 नाम के गुटखा व पान मसाला ब्रांड का गुटखा और पान मसाला फैक्टरी में पैक किया जाता था। पुलिस ने फैक्टरी को सीज कर दिया। कंपनी के अधिकारियों को बुलाया गया। वाणिज्य कर विभाग के अधिकारियों को सूचना दी गई। छानबीन में पता चला कि जहां गुटखा बन रहा था उस पते पर अंकित गिलास एक्सपोर्ट के नाम से फैक्टरी रजिस्टर्ड थी। पुलिस ने मौके से सेक्टर सात निवासी सुनील कुमार अग्रवाल को गिरफ्तार किया गया। उससे पूछताछ के बाद दीपक जाटव और रवि वर्मा को गिरफ्तार किया गया। मौके से कई कुंतल पान मसाला, भारी मात्रा में गुटखा, तराजू, पैकिंग मशीन आदि सामान बरामद हुआ है।
300 रुपये किलो आता है
गिरफ्तार सुनील अग्रवाल ने पुलिस को बताया कि उसका काम सिर्फ पैकिंग का था। रजनीगंधा पान मसाला की सबसे अधिक डिमांड है। गाजियाबाद से 300 रुपये किलोग्राम के हिसाब से तैयार पान मसाला आता है। उसके यहां जिपर में पैकिंग की जाती थी। बाजार में रजनीगंधा लगभग 2800 रुपये किलोग्राम मिलता है। 18 ग्राम का पैक 50 रुपये का मिलता है। दो माह पहले उसने यह घर किराए पर लिया था। इसमें पैकिंग फैक्टरी खोल ली। पुलिस का मानना है कि सुनील कुमार अग्रवाल झूठ बोल रहा है। नकली गुटखा फैक्टरी लंबे समय से चल रही है।
Leave a comment