आगरालीक्स.. हाथरस के सासनी थाना क्षेत्र के गांव नैौजरपुर में बेटी से छेड़छाड़ के मामले में पिता की हत्या के बाद गांव में तनाव व्याप्त है। मंगलवार दोपहर तक शव की अंत्येष्टि नहीं की गई है। आईजी पीयूष मोर्डिया घटनास्थल का निरीक्षण करने के लिए हाथरस पहुंच गए हैं।
पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने बताया कि गांव नौजरपुर निवासी अमरीश शर्मा ने करीब डेढ़ साल पहले उनकी बेटी के साथ छेड़छाड़ के मामले में 16 जुलाई 2018 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जिसमें गौरव शर्मा को नामजद किया गया था, जो एक माह बाद जेल से जमानत पर बाहर आ गया था।
तीन गोलियां लगीं अमरीश को
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सोमवार की शाम को अमरीश शर्मा अपने खेत में मजदूरों के साथ आलू खुदाई में लगे हुए थे। परिजनों द्वारा दर्ज कराई रिपोर्ट के मुताबिक आरोपी गौरव शर्मा, रोहिताश शर्मा, ललितेश शर्मा अपने तीन-चार साथियों के साथ खेत पर पहुंचा और छेड़छा़ड़ के मुकदमे में समझौता करने के लिए धमकाने लगा। पिता ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर उसे गोलियों से भून दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में तीन गोली अमरीश के शरीर से निकली हैं, जिसमें दो सिर से एक सीने से निकली है।
आरोपी गौरव छात्र सभा का नेता, छह पर रिपोर्ट
हत्या के बाद मृतक की बेटी ने गौरव शर्मा निवासी गांव सौंगरा जवां निवासी गौरव शर्मा समेत छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। इस हत्याकांड के बाद राजनीति गरमा गई है। आरोपी सपा छात्र सभा की प्रदेश कार्यकारिणी का आमंत्रित सदस्य है।
सीएम सख्त, गांव में तनाव व्याप्त
गांव में भारी तनाव को देखते हुए पुलिस और पीएसी को तैनात कर दिया गया है। आरोपी गौरव शर्मा की गांव नौजरपुर में मौसी रहती है। आरोपी का उसके यहां आना-जाना था । पिता एडीओ कृषि के रूप में श्रावस्ती में तैनात है. घटना के बाद सभी आरोपी फरार हो गए हैं। सीएम योगी द्वारा इस मामले में सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इंस्पेक्टर सासनी मय फोर्स के दबिश के लिए श्रावस्ती गए हैं। एक आरोपी ललितेश को हिरासत में भी ले लिया गया।