नईदिल्लीलीक्स… भारत और इंग्लैंड के बीच होने वाले तीसरे टेस्ट की पिच को लेकर मचे बवाल के बीच बीसीसीआई ने चौथे टेस्ट मैच के लिए पिच को लेकर घोषणा कर दी है, जिससे इंग्लैंड को राहत नहीं मिलने वाली है।
हाईस्कोरिंग हो सकता है मैच
बीसीसीआई ने कहा है कि अहमदाबाद में चौथे टेस्ट मैच की पिच सपाट हो सकती है, जिससे टेस्ट हाईस्कोरिंग हो सकता है। इस पिच से तेज गेंदबाजों को कम मदद मिलने की संभावना है। तीसरे टेस्ट मैच गुलाबी गेंद से मोटेरा की पिच पर हुआ था, जो दो दिन में ही खत्म हो गया था और इसमें भारत को जीत मिली थी। इसके बाद से ही इस पिच को लेकर हो हल्ला हो रहा है। इंग्लैंड इस पिच को लेकर अपनी आपत्ति भी जता चुका है। तीसरे टेस्ट में इंग्लैड हारने के बाद विश्व चैंपियनशिप की दौड़ से भी बाहर हो गया है।
टी-20 सीरीज की भी तैयारी
बीसीसीआई अहमदाबाद में टेस्ट मैच के बाद पांच मैचों की टी-20 सीरीज को भी यहीं कराने जा रही है। इसे देखते हुए पिच पर अधिक रन बन सकें, ऐसी पिच तैयार कराई जा रही है। टेस्ट मैच के साथ ही इस पिच के बारे में पता चल जाएगा कि पिच किस तरह की है।
बुमराह ने चौथे टेस्ट से लिया विश्राम
भारतीय टीम के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह के चौथे टेस्ट मैच से पहले घरेलू कारणों से हटने के कारण भारतीय टीम में दो-तीन बदलाव देखने को मिल सकते हैं। चौथे टेस्ट में बुमराह की जगह सिराज मोहम्मद या उमेश यादव में से किसी एक को इशांत के जोड़ीदार के रूप में उतारा जा सकता है, जबकि वाशिंगटन सुंदर की जगह कुलदीप यादव को जगह मिल सकती है।