आगरालीक्स…आगरा में बारिश और पर्यटकों से सराबोर हुआ ताजमहल. (देखें वीडियो )संडे मना एंज्वॉय डे. फ्री एंट्री पर ताजमहल पर सुबह से ही पर्यटकों की भीड़. लंबी-लंबी लाइनें
ताजमहल की दीवानगी सात समंदर पार तक है. देश विदेश से हजारेां पर्यटक मोहब्बत की इस खूबसूरत इमारत को देखने के लिए हर रोज हजारों की संख्या में आते हैं. भारत में इस समय आजादी का अमृत महोत्सव मनाया जा रहा है, ऐसे में सरकार की ओर से ताजमहल सहित सभी विश्वदाय स्मारकों में 15 अगस्त तक पर्यटकों की एंट्री फ्री की हुई है. फ्री एंट्री होने से ताजमहल पर इस समय रिकॉर्ड संख्या में पर्यटक पहुंच रहे हैं.
रविवार सुबह से आगरा में बारिश हो रही है. मौसम सुहाना हो गया, ऐसे में ताजमहल भी बारिश और पर्यटकों से सराबोर नजर आया. सुबह से ही पर्यटकों की लंबी लंबी लाइनें ताजमहल के दोनों गेटों पर दिखाई दे रही थीं. एंट्री के लिए पर्यटकों की इतनी लंबी लाइनें बहुत समय बाद देखी गई. इधर बारिश होने के कारण ताजमहल और भी ज्यादा खूबसूरत नजर आया. ताजमहल का फाउंटेन बारिश के पानी से पूरा भर गया. पर्यटकों की जबर्दस्त भीड़ ताजमहल का दीदार करने के लिए पहुंची. एक अनुमान के मुताबिक रविवार को करीब 50 हजार पर्यटक ताजमहल का दीदार करने के लिए पहुंचे हैं. हालांकि इसके फाइनल आंकड़े आना अभी बाकी हैं.