आगरालीक्स… आगरा में पेट्रोल-डीजल की लगातार हो रही मूल्यवृद्धि से महंगाई का तड़का लग गया है। ट्रक, मेटाडोर समेत अन्य मालवाहक वाहनों के संचालकों ने भाड़ा 20 प्रतिशत तक बढ़ा दिया है। आलू खुदाई शुरू होने पर भाड़ा और बढ़ जाएगा।
होली तक महंगाई की आग में झुलसेगी जनता
पेट्रोल-डीजल की कीमतों में रोजाना इजाफा होने से लोडर वाहन संचालकों का बुरा हाल हो गया है। वाहन संचालकों ने कम दूरी का भाड़ा पांच से 20 प्रतिशत तक बढ़ा दिया है, जबकि लंबी दूरी का भाड़ा अभी कम बढ़ाया गया है। पेट्रो पदार्थों की बढ़ती कीमतों का असर शीघ्र ही लोगों के सामने आना वाला है। होली तक आम जनता महंगाई की आग में झुलस सकती है।
खर्चा तक निकालना हो रहा मुश्किलः देवेंद्र कुमार गुप्ता

ऑल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन कांग्रेस की वर्किंग कमेटी के सदस्य एवं आगरा पब्लिक कैरियर एसोसिएशन के महासचिव देवेंद्र कुमार गुप्ता का कहना है कि पेट्रोल-डीजल में हो रही लगातार मूल्य वृद्धि से आम जनता ही नहीं ट्रांसपोर्टरों का बुरा हाल हो गया है। खर्चा तक निकालना मुश्किल हो रहा है। इसे देखते हुए छोटी दूरी, मथुरा, अलीगढ़, दिल्ली आदि के भाड़े में 10 से 20 प्रतिशत तक की बढ़ोत्तरी कर दी गई है। लंबी दूरी के भाड़े में अभी कम बढ़ाया गया है।
आलू की खुदाई के दौरान और बढ़ सकता है भाड़ा
पेट्रो उत्पाद के दाम इसी तरह से बढ़ते रहे तो मजबूरी में हम लोगों को भाड़ा और बढ़ाना पड़ जाएगा। उन्होंने बताया कि अभी आलू की खुदाई शुरू होने वाली है। इसके बाद भाड़े में और वृद्धि होने की संभावना बढ़ गई है क्योंकि लगातार पैसे बढ़ने से गाड़ियों का खर्चा निकालना मुश्किल हो रहा है।
इन्फ्रास्ट्रक्चर टैक्स एक रुपये से 18 रुपये तक पहुंचा
महासचिव देवेद्र गुप्ता ने बताया कि ट्रांसपोटर्स के लिए वाजपेयी सरकार के समय इन्फ्रास्ट्रक्चर टैक्स के रूप में एक रुपये लिया जाता था लेकिन अब यह बढ़कर 18 रुपये तक पहुंच गया है। हर तरफ से मार पड़ रही है। इस संबंध में ऑल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन द्वारा विगत दिनों दिल्ली में ज्ञापन भी दिया जा चुका है।
टोल प्लाजा के लिए जारी हुए आदेश
महासचिव देवेंद्र कुमार गुप्ता ने बताया कि भारत सरकार द्वारा नेशनल हाईवे पर 15 फरवरी से फास्ट टैक आवश्यक कर दिया गया है किंतु यह किसी टॉल प्लाजा की फास्ट ट्रैक स्कैनिंग मशीन उचित बैलेंस होने पर भी स्कैन करने में सक्षम नहीं है। इस पर शासन ने उस वाहन को शून्य मूल की रसीद काटकर आगे निकालने का आदेश जारी किया गया है।
भाड़ा बढ़ाने को आज होगी बैठकः दीपक शर्मा

आगरा गुड्स कैरियर एसोसिएशन के अध्यक्ष दीपक शर्मा ने बताया कि डीजल की कीमतें लगातार बढ़ने से ट्रांसपोर्ट व्यवसाय की कमर ही टूट गई है। अब तक नो प्रोफिट नो लॉस पर काम कर काम चलाया जा रहा था लेकिन अब हालात बदतर हो गए हैं। अब तक तो भाड़ा किसी तरह ग्राहक से तय कर खर्चा निकालने के लिए तय कर लिया जा रहा है लेकिन अब भाड़ा इसी सप्ताह से बढ़ा दिया जाएगा। इस संबंध में सोमवार को एसोसिएशन की जनरल बॉडी की मीटिंग बुलाई गई है, जिसमें भाड़ा बढ़ाने के बारे में तय किया जाएगा।
गाड़ियों की किस्त निकालना तक हुआ दूभरः राजपाल यादव
आगरा ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष राजपाल यादव ने बताया कि पेट्रोल डीजल की बढ़ती कीमतों के कारण भाड़ा बढ़ाना मजूबरी हो गया है। बिना भाड़ा बढ़ाए खर्चे तक नहीं निकल रहे हैं। हालात यह हो गए हैं कि किस्तों पर ली गई गाड़ियों की बैंक की किस्त तक नहीं निकल पा रही हैं। उन्होंने बताया कि अभी मंदा चल रहा है। पेट्रो उत्पाद की कीमतों में लगातार वृद्धि की बावजूद किसी तरह कम भाड़े में भी गाड़ी को ले जाना पड़ता है। भाड़ा बढ़ाना मजबूरी हो गया है और शीघ्र ही भाड़े में और बढ़ोत्तरी होने की संभावना है।