नईदिल्लीलीक्स… देश में कोरोना संक्रमण के मामलों में फिर तेजी आ गई है। अमेरिका में उड़ान भरते ही इंजन में आग लगी। दो सौ यात्री सुरक्षित। साथ में देश-विदेश की अब तक की खबरें।
रिंकू शर्मा हत्याकांडः चार और दबोचे
दिल्ली के बहुचर्चित रिंकू शर्मा हत्याकांड के सिलसिले में दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने गवाहों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चार और आरोपियों को पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। चारों आरोपियों से दिल्ली पुलिस पूछताछ कर रही है। मिली जानकारी के अनुसार मंगोलपुरी निवासी दीन मोहम्मद उर्फ सम्सद्दीन पुत्र सलाउद्दीन, 22 साल के दिलशान उर्फ आफताब पुत्र दीन मोहम्मद, 21 साल के फैयाज उर्फ सदरी पुत्र मोहम्मद कमर आलम, और 21 साल के फैजान उर्फ निराले पुत्र कमरे आलम को गिरफ्तार किया गया है।
भारत-चीन में सेनाएं हटाने पर लंबी चर्चा
पूर्वी लद्दाख के पैंगोंग झील के बाद अन्य तनातनी वाले इलाकों को आपसी सहमति से खाली कराने के एजेंडे के साथ भारत और चीन के कोर कमांडरों की दसवें दौर की बातचीत करीब 16 घंटे तक चली। यह बातचीत बीती रात करीब दो बजे तक चली। बातचीत सकारात्मक महौल में हुई। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार दोनों पक्षों में पैंगोंग की तर्ज पर अन्य इलाकों में भी आपसी रजामंदी से खाली कराने पर सहमति बनी है।
देश में फिर बढ़े कोरोना संक्रमित
देश में कोरोना वायरस के संक्रमण के मामलों में फिर वृद्धि हुई है। बीते 24 घंटों में 14,264 नये संक्रमित केस सामने आए हैं। इस अवधि में 90 लोगों की वायरस की चपेट में आकर मौत हुई है। देश में अब तक संक्रमित लोगों की संख्या 1,09,91,651 हो गई है, जबकि मृतकों की संख्या 1,56,302 हो गई है। संक्रमण मुक्त होने वाले मरीजों की संख्या एक करोड़ छह लाख हो गई है।
हवा में अमेरिकी विमान का इंजन फेल
अमेरिका के यूनाइटेड एयरलाइंस की उड़ान का इंजन कल (शनिवार) को उड़ान भरते ही फेल हो गया और उसमें आग लग गई। इंजन फेल होते ही विमान की इमरजेंसी लैंडिग कराई गई। लेकिन इस बीच विमान का मलबा रिहायशी क्षेत्रों में गिर पड़ा लेकिन इससे कोई जनहानि नहीं हुई। विमान में सवार दो सौ लोगों को भी किसी प्रकार की क्षति नहीं पहुंची।