आगरालीक्स…करहल में चुनाव के दौरान युवती की हत्या. बोरे में मिली लाश. परिवार का आरोप—इस पार्टी को वोट देना चाहती थी बेटी, अपहरण कर कर दी हत्या…
मैनपुरी के करहल में आज विधानसभा सीट के लिए उपचुनाव हुआ. लेकिन इस बीच चुनाव के दौरान एक मामले ने सनसनी फैला दी है. करहल की रहने वाली एक युवती की हत्या कर उसका शव बोरे में बंद कर नगला अंती के पास फेंक दिया. सूचना पर पुलिस ने मृतका की शिनाख्त कर ली और सूचना पर परिवार भी आ गया. परिजनों का आरोप है कि बेटी भाजपा को वोट देना चाहती थी लेकिन उसे रोकने के लिए अपहरण कर हत्या कर दी गई है.
बुधवार को चुनाव ड्यूटी में व्यस्त प्रभारी निरीक्षक ललित भाटी को सूचना मिली कि नगला अंती के पास एक बोरे में किसी युवती का शव मिला हे. सूचना मिलते ही पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए. पता चला कि युवती मंगलवार से गायब थी और कस्बा के कुछ लोगों के साथ उसे देखा गया था. युवती के लापता होने पर परिजन उसकी तलााश कर रहे थे.
शिनाख्त होने के बाद युवती के घरवाले भी मौके पर आ गए. युवती की मां का आरोप है कि बेटी मतदान को लेकर काफी उत्साहित थी और वो भाजपा को वोट देना चाहती थी. वहीं आरोपी युवकों द्वारा उसका विरोध किया गया. बेटी अपनी जिद पर अड़ी रही. आरोप है कि इसी वजह से उसका अपहरण कर दुष्कर्म के बाद हत्या कर दी गई है. पुलिस ने इस मामले में दो युवकों को गिरफ्तार किया है. कार्रवाई की जा रही है.