आगरालीक्स.. आगरा में कोरोना काल के सबसे बडे साहलग में सख्ती को देखते हुए निकाला तरीका, गाइड लाइन। मिठाई के डिब्बे से लेकर दावत में हेल्दी फूड, मास्क सैनेटाइजर अनिवार्य।
कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए शादी में 100 लोगों को अनुमति दी गई है, इसमें भी मैरिज होम और होटल की क्षमता के हिसाब से 50 फीसद लोग ही शामिल हो सकते हैं लेकिन संख्या 100 से अधिक नहीं होनी चाहिए। ऐसे में बुधवार को देवात्थान एकादशी पर आगरा में 1200 से अधिक शादी हैं, शादी में 100 लोगों की संख्या निर्धारित करने के बाद वर और वधु पक्ष ने नए नए तरीके निकाल लिए हैं।
तीन से चार शिफ्ट में बुलाए जा रहे लोग
शादी वाले घर से जिन लोगों को आमंत्रित किया गया है, उन्हें फोन किया जा रहा है, उनसे पूछा जा रहा है कि आप किस समय आएंगे। यह भी अपील की जा रही है कि शाम को छह बजे आ जाएं, इसके बाद दूसरी शिफ्ट में सात बजे और तीसरे शिफ्ट में आठ से नौ बजे के बीच में रिश्तेदार और परिचित बुलाए जा रहे हैं। जिससे शादी में एक साथ ज्यादा लोग दिखाई ना दें।
मिठाई के डिब्बे किए गए तैयार
वहीं जो लोग शादी में शामिल नहीं हो सकेंगे, उनके लिए मिठाई के डिब्बे तैयार कराए गए हैं, जिससे शादी के बाद मिठाई के डिब्बे उनके घर पहुंचाए जा सकें।
हेल्दी डायट का रखा जा रहा ध्यान
शादी के मैन्यू में हेल्दी डायट का भी ध्यान रखा जा रहा है, गर्म पेय पदार्थों की संख्या अधिक है, इसके साथ ही मास्क और सैनेटाइजर भी अनिवार्य है।
100 से 150 मीटर चढेगी बारात
शादी में 10 बैंड वाले, पांच लाइट वाले और एक घोडे वाले को अनुमति दी गई है, बारात भी कार्यक्रम स्थल से 100 से 150 मीटर तक चढेगी, इसके बाद कार्यक्रम स्थल पर ही बैंड बाजे बज सकेंगे।