आगरालीक्स ….आगरा की टीम रिवर कनेक्ट का गुलेल अटैक सोशल मीडिया पर ट्रेंड कर रहा है। मोक्षदायनी यमुना के अस्तित्व को बचाने के लिए बडा आंदोलन खडा कर चुकी टीम रिवर कनेक्ट ने गुलेल अटैक शुरू किया है। यह अटैक उन लोगों के लिए है जो आगरा में यमुना को प्रदूषित कर रहे हैं, यमुना में गंदगी डाल रहे हैं या यमुना किनारे पर शौच कर रहे हैं। शुक्रवार को टीम रिवर कनेक्ट द्वारा गुलेल लेकर सोशल मीडिया पर फोटो शेयर करते हुए कमेंट आने लगे हैं।
आगरा में टीम रिवर कनेक्ट यमुना को प्रदूषण मुक्त करने के लिए अभियान चला रही है, शहनरवासियों को जागरूक करने के लिए यमुना रिवर व्यू, बेलनगंज के पास हर रोज यमुना मैया की आरती की जाती है। रिवर कनेक्ट टीम द्वारा लोगों को अभियान से जोडने के लिए अनूठे प्रयोग किए जा रहे हैं। यमुना की तलहटी में बालू से स्नान करने के साथ रेत में पानी के जहाज भी चलाए गए।
अब गुलेल अटैक
यमुना में गंदगी डालने और यमुना किनारे शौच करने पर जुर्माना लगाने का प्रावधान है, इसके लिए रिवर पुलिस भी है लेकिन वह काम नहीं कर रही है। ऐसे में टीम रिवर कनेक्ट ने गुलेल अटैक शुरू किया है। इसमें टीम से जुडे हुए सदस्यों ने गुलेल से यमुना में गंदगी फैलाने वालों पर निशाना साधते हुए फोटो सोशल मीडिया पर शेयर किए हैं। उन लोगों को आगाह किया है जो यमुना में गंदगी फैला रहे हैं और यमुना किनारे बैठ कर खुले में शौच कर रहे हैं।