अलीगढ़लीक्स… हाथरस मामले में रालोद नेता जयंत चौधरी और भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर के खिलाफ मुकदमा, आप के संजय सिंह हाथरस पहुंचे.
हाथऱस प्रकरण में माहौल अभी गरमाया हुआ है। हाथरस की सीमाओं पर पुलिस बेरीकेडिंग कर हर वाहन की चेकिंग कर रही है। रोडवेज बसों को भी रोककर चेक किया जा रहा है।

चंदपा थाना के एक गांव में युवती की गैंगरेप और उसकी मौत के बाद राजनीतिक दलों के प्रतिनिधिमंडल के पीड़िता के गांव में आने और उनके परिजनों से मिलने का सिलसिला जारी है। इसे लेकर रोजाना बवाल हो रहा है। प्रतिनिधिमंडलों को रोकने के लिए हाथऱस की सीमाओँ पर बेरीकेडिंग कर सघन चेकिंग की जा रही है। पीड़िता के गांव और अंदर भारी संख्या में पुलिस और पीएसी तैनात है।
आम आदमी पार्टी का प्रतिनिधिमंडल पहुंचा

आम आदमी पार्टी ने भी हाथरस में गैंगरेप मामले को लेकर सोमवार को अपना एक प्रतिनिधिमंडल भेजा है, जो पार्टी के यूपी प्रभारी संजय सिंह के नेतृत्व में हाथरस रवाना हो गया है। इस प्रतिनिधिमंडल में दिल्ली और पंजाब के कुछ विधायक शामिल हैं।
जयंत और चंद्रशेखर औऱ समर्थकों पर मुकदमे
हाथरस में गैंगरेप को लेकर धारा 188, 144 का उल्लंघन और रास्ता जाम आदि को लेकर रोलद नेता जयंत चौधरी और भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर के खिलाफ अलग-अलग थानों में दो मुकदमे दर्ज किए गए हैं। थाना चंदपा में रोलद नेता जयंत चौधरी और उनके चार सौ समर्थकों के खिलाफ 188, 144 का उल्लंघन का मामला दर्ज किया गया है, जबकि सासनी थाने में भीम आर्मी के चीफ चंद्रशेखर उर्फ रावण यादव और उनके चार- पांच सौ समर्थकों के खिलाफ सासनी में रास्ता जाम करने के साथ धारा 147, 341, 269, 270, 188आईपीसी और महामारी अधिनियम-3 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।