आगरालीक्स…जानें कौन है भोलेबाबा का मुख्य सेवादार देवप्रकाश मधुकर. हादसे के बाद से है फरार. एक लाख रखा है इस पर इनाम. इसके बारे में जानें पूरी जानकारी
हाथरस के सिकंदराराऊ में भोलेबाबा सत्संग के दौरान भगदड़ में 121 लोगों की मौत् हो गई है. पुलिस ने छह सेवादारों को अरेस्ट कर लिया है और मुकदमा भी दर्ज किया है. भोलेबाबा का प्रमुख सेवादार देवप्रकाश मधुकर को मुख्य आरोपी बनाया गया है. यह पुलिस की पकड़ से दूर है. ऐसे में इस पर एक लाख रुपये का इनाम रखा गया है.
संविदा पर करता है नौकरी
एक लाख रुपये का इनामी सेवादार देवप्रकाश मधुकर एटा जिले के शीतलपुर ब्लॉक में पंचायती राज विभाग में संविदा पर नौकरी करता है. वह तकनीकी सहायक के पद पर है. इसे जानने वाले इसको इंजीनियर साहब कहकर बुलाते हैं. हाथरस हादसे के बाद देवप्रकाश मधुकर पूरे परिवार के साथ फरार है. पुलिस की कई टीमें इसकी तलाश को दबिश दे रही हैं.
पुस्तैनी घर बंगला जैसा
सेवादार देवप्रकाश मधुकर सिकंदराराऊ की न्यू कॉलोनी दमदपुरा में रहता है. कॉलोनी के बीच में ही उसका पुस्तैनी घर है. बाहर से देखने में उसका घर किसी शानदार बंगले से कम नहीं लगता है. अब मेन गेट पर ताला लगा है. देव प्रकाश की उम्र 45 साल के आसपास है और यहां वह अपनी पत्नी और 17 साल के बेटे के साथ रहता है. उसकी पोसिटंग एटा में है और वो हर दिन अप डाउन करता है. कहने को तो वह पंचायती राज विभाग में है लेकिन उसका ज्यादातर समय साकार हरि की सेवा में बीतता है. मधुकर करीब 20 साल से बाबा का अनुयायी है. उसके सेवा भव को देखकर ही भोले बाबा ने उसे अपने सत्संगों का मुख्य आयोजनकर्ता बना दिया है. इस सत्संग में भी पंडाल बनवाने से लेकर बिजली, पानी, स्वास्थ्य की सुविधाएं और पंडाल के अंदर की सुरक्षा का जिम्मा उसकी के पास था.