आगरालीक्स ….आगरा और अलीगढ़ रीजन में इस साल की सबसे अधिक बारिश, 72 घंटे के लिए तेज बारिश का अलर्ट। मकान गिरने से एक बच्चे की मौत, सीएम योगी का मथुरा कार्यक्रम निरस्त। सड़क धंसी, कॉलोनियों में पानी।
आगरा और अलीगढ़ मंडल के आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद, एटा, मैनपुरी, हाथरस और अलीगढ़ में बुधवार रात से बारिश हो रही है। यह बारिश इस साल की सबसे अधिक बारिश है। एक से डेढ़ घंटे तेज बारिश के बाद बूंदाबांदी शुरू हो जाती है, 12 घंटे से बारिश हो रही है।

फिरोजाबाद में मकान गिरा, एक बच्चे की मौत
फिरोजाबाद के शिकोहाबाद के आवगंगा में गांव में दो मकान गिर गए, मलबे में दो परिवार के लोग फंस गए। हादसे में एक की मौत हो गई, राहत और बचाव कार्य चल रहा है। घायलों को अस्पताल में भर्ती किया गया है।

सीएम योगी का मथुरा कार्यक्रम स्थगित
गुरुवार से दीन दयाल धाम में शुरू हो रहे चार दिवसीय पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्मृति जन्मोत्सव मेला परिसर में जलभराव हो गया। दोपहर में सीएम योगी आदित्यनाथ को मेले का शुभारंभ करने के लिए आना था लेकिन जलभराव और बारिश के चलते सीएम योगी का मथुरा कार्यक्रम निरस्त कर दिया गया है।

आगरा में सड़क धंसी
आगरा में तेज बारिश के चलते नुनिहाई रोड की पुलिया धंस गई, सड़क के किनारे गडढा हो गया है। यातायात रोक दिया गया है। आगरा की कई कॉलोनियों में जलभराव के कारण लोग बाहर नहीं निकल पा रहे हैं।