आगरालीक्स.. आगरा में हेलीकॉप्टर सेवा शुरू होने जा रही है, इससे 10 मिनट में ताजमहल से लेकर शहर के चारों शिवालयों की सैर कर सकेंगे, इसका किराया 2499 रुपये होगा, पर्यटन विभाग आगरा में हेलीकॉप्टर सेवा के लिए हेलीपेड बनाने की कवायद में जुट गया है, इसके लिए तीन एकड जमीन चाहिए। आगरा में हेलीपेड के लिए तीन जगह चिन्हित की गई हैं।
गोवर्धन, व्रंदावन, काशी के बाद पर्यटन विभाग आगरा में हेलीकॉप्टर सेवा शुरू करने जा रहा है। इसके लिए स्थानीय अधिकारियों को हेलीकॉप्टर सेवा के लिए हेलीपैड बनाने के निर्देश दिए गए हैं। यह हेलीकॉप्टर सेवा आगरा के विश्वस्मारक और चारो दिशाओं में बने शिवालय का हवाई यात्रा से दीदार कराएगा। इसके लिए स्थानीय प्रशासन ने दो जगह चिन्हित की हैं, इसमें पहली जगह इनर रिंग रोड पर एत्मादपुर में है, दूसरा विकल्प सिविल टर्मिनल का दिया गया है, जबकि तीसरी जगह अभी चिन्हित की जानी है, जिससे हेलीकॉप्टर सेवा का आनंद लेने के लिए पर्यटकों को हेलीपैड तक पहुंचने में समस्या न आए।
आठ से 10 मिनट में होगी हवाई यात्रा
आगरा कई किलोमीटर तक फैला हुआ है। यहां आने वाले पर्यटक ताजमहल और आगरा किला से आगे नहीं बढ पाते हैं, जबकि सिकंदरा, रामबाग सहित प्राचानी शिवालय भी पर्यटक देख सकते हैं। इसके लिए यह हवाई यात्रा शुरू की जा रही है, उप निदेशक पर्यटन दिनेश कुमार का कहना है कि आठ से 10 मिनट में आगरा की हवाई यात्रा कराने की योजना है, हेलीपैड के लिए जगह चिन्हित की जा रही है।
नो फ्लाइंग से उलझन
ग्रह मंत्रालय में ताजमहल के पास नो फ्लाइंग जोन का प्रस्ताव लंबित है, ऐसे में हवाई यात्रा शुरू करने से समस्या हो सकती है। हालांकि इसे भी ध्यान में रखते हुए हेलीपैड बनाया जा रहा है, ताजमहल से दो किलोमीटर दूर हेलीपैड बनाने के लिए कहा गया है, जिससे कोई समस्या न आए।