फिरोजाबादलीक्स…फिरोजाबाद में ऑनर किलिंग. पिता ने 19 साल की बेटी को बांक से ताबड़तोड़ प्रहार कर कर दी हत्या. प्रेम प्रसंग में दो बार घर छोड़कर चली गई थी बेटी..हत्या कर खुद थाने पहुंचा, बोला—मार दिया हूं…
फिरोजाबाद में ऑनर किलिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां एक पिता ने अपनी 19 साल की बेटी की बांक से ताबड़तोड़ प्रहार कर हत्या कर दी. बेटी को बचाने आई मां पर भी हमला कर दिया. घटना में बेटी की मौत हो गई जबकि उसकी मां गंभीर रूप से घायल है और उसे आगरा के एसएन अस्पताल में भर्ती कराया गया है. इधर घटना के बाद आरोपी पिता थाने पहुंच गया और बोला कि मार दिया हूं. पुलिस ने सोमवार को आरोपी को न्यायालय में पेश किया यहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है.ये है मामला
घटना थाना बसई मोहम्मतदपुर क्षेत्र की है. यहां राकेश राठौर परिवार के साथ रहते हैं. परिवार में पत्नी पुष्पा देवी, बड़ा बेटा अजय, छोटा बेटा अरुण, दोनों बेटों की बहुएं और 19 साल की बेटी मुस्कान रहती थी. रविवार शाम को छोटा बेटा अरुण अपनी पत्नी अंजू के साथ गोवर्धन परिक्रमा के लिए गया था. बड़ा बेटा अजय चूड़ी कारखाने में गया था और उसकी पत्नी रचना मायके में थी. घर की दूसरी मंजिल पर बने कमरे में बेटी मुस्कान टीवी देख रही थी. इस दौरान पिता राकेश वहां पहुंचा और उसने टीवी बंद कर दिया. मुस्कान ने इसका विरोध किया तो गुस्साए राकेश ने बांक से ताबड़तोड़ प्रहार कर बेटी पर वार कर दिए. बेटी की चीखें सुन नीचे से मां पुष्पा देवी बचाने के लिए आई तो राकेश ने उन पर भी बांक से हमला कर दिया जिससे वो भी घायल हो गईं. आरोपी पिता इसके बाद वहां से निकल गया. सूचना पर पड़ोसी आए तो उन्होंने दोनों मां बेटी को ट्रोमा सेंटर ले गए. यहां डॉक्टरों ने बेटी मुस्कान को मृत घोषित कर दिया वहीं मां पुष्पा देवी को आगरा रेफर किया गया है.
हत्या करने के बाद आरोपी पिता राकेश राठौर थाने पहुंच गया और पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया. बेटे अजय की ओर से पिता के खिलाफ तहरीर दी गई है. पुलिस हिरासत में पिता राकेश ने बताया कि प्रेम प्रसंग में बेटी दो बार घर छोड़कर जा चुकी है. 15 दिन पहले भी चली गई थी लेकिन रात को वापस लौट आई. एक माह पहले भी वह लापता हो गई थी तो उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी जिसके बाद पुलिस ने उसे जयपुर से बरामद कर लिया था. पिता बेटी से नाराज था और समाज और रिश्तेदारी में हो रही लगातार बदनामी से तनाव में था.