आगरालीक्स…आगरा में सड़क दुर्घटना में हुई पति की मौत. पत्नी कर रही उनके नेत्रदान. पुलिस और एसएन अस्पताल से की अपील, कहा—उन्होंने जताई थी इच्छा…
आगरा में सड़क दुर्घटना में उत्तराखंड के यूनिवर्सिटी आफ पेट्रोलियम एंड इनर्जी स्टडीज में प्रवक्ता की मौत हो गई. वह अपनी कार से जयपुर से देहरादून जा रहे थे लेकिन आगरा में न्यू दक्षिणी बाईपास पर उनके कार का टायर फट गया और कार अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक से जा टकराई. इससे उनकी मौत हो गई. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है. मामले में उनके ससुर ने तहरीर दी है.
जानकारी के अनुसार राजस्थान के जिला जयपुर में थाना श्यामनगर के शांति नगर में 33 वर्षीय दीपेश कुमार रहते थे. दीपेश कुमार उत्तराखंड के यूनिवर्सिटी आफ पेट्रोलियम एंड इनर्जी स्टडीज देहरादूर में प्रवक्ता थे. वह रविवार दोपहर को कार से ताजनगरी आ रहे थे. बताया जाता है कि रविवार दोपहर करीब 12 बजे न्यू दक्षिणी बाईपास पर उनकी कार का आगे की ओर का बायां टायर फट गया. इससे कार अनियंत्रित हो गई और आगे खड़े ट्रक से जा टकराई. हादसा इतना भयानक था कि टकराने की आवाज 2 किलोमीटर तक लोगों को सुनाई दी.
सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार से जख्मी हालत में दीपके को बाहर निकाला और अस्पताल लेकर जाने लगे लेकिन रास्ते में ही दीपेश ने दम तोड़ दिया.इसकी जानकारी पर उनकी पत्नी तेजस्विता और ससुर भी आ गए. तेजस्विता अधिवक्ता हैं. उन्होंने बताया कि दीपकेश ने करीब एक साल पहले मृत्यु पश्चात नेत्र दान करने की इच्छा जताई थी. इसलिए उन्होंने पुलिस और एसएन अस्पताल में नेत्रदान करने के लिए बोला है.