आगरालीक्स…(7 November 2021 Agra News) आगरा में रूफटॉप रेस्टोरेंट संचालक ने लगाए पुलिस पर चौकी में लेकर टॉर्चर के आरोप. ढाई लाख रुपये छीनने की भी बात कही. सीएम पोर्टल पर की शिकायत
आगरा में रूफटॉप रेस्टोरेंट संचालक और उसके साथी ने पुलिस पर शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए सीएम के जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस पर आरोप है कि दिवाली की रात को उनके साथ अभद्रता की गई और उनके स्कूटर से पुलिसकर्मियों ने ढाई लाख रुपये की नकदी भी छीन ली. शिकायत के अनुसार शिकायतकर्ता रामनिवास पाठक निवासी सुभाष नगर कमला नगर ने आरोप लगाया कि दिवाली की रात को वह और उसका साथी अरविंद सिंह राणा दीपावली पूजन के बाद अपने कार्यस्थल से अपने आवास पर आए. लेकिन चौकी प्रभारी बृज विहार, कमला नगर थाना अश्वनी कुमार ने अपने सहकर्मियों के सथ उसको व उसके साथी को पकड़कर उसके स्कूटर की डिक्की से दो लाख पचास हजार रुपये की नकदी छीन ली. यही नहीं आरोप लगाया कि चौकी पर ले जाकर उन्होंने शिकायतकर्ता और उसके दोस्त अरविंद सिंह राणा के खिलाफ झूठा मामला बनाया. अरविंद सिंह राणा का गुरुद्वारा गुरु का ताल के सामने परिंदा नाम से रूफटॉप रेस्टोरेंट है जबकि रामनिवास पाठक डेयरी संचालक हैं.
जनसुनवाई पोर्टल पर की शिकायत
इस संबंध में चौकी प्रभारी के खिलाफ शिकायकर्ता ने शिकायत दर्ज कराई है. उन्होंने हिरासत में लेकर मानसिक व शारीरिक उत्पीड़न का आरोप लगाया है और चौकी प्रभारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की अपील की है.
इस संबंध में पुलिस का कहना है कि दोनों शराब के नशे में थे और घर के बाहर टोकने पर पुलिसकर्मियों से भिड़ गए. इस पर इनके खिलाफ कार्रवाई की गई है. मेडिकल में भी शराब की पुष्टि हुई है.
