आगरालीक्स…भारतीय महिला क्रिकेट टीम बनी विश्व चैम्पियन. अंडर 19 टी20 विश्व कप में इंग्लैंड को 7 विकेट से दी मात…
शैफाली वर्मा की अगुवाई में अंडर 19 भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने इतिहास रच दिया है. अंडर 19 टी20 विश्व कप के फाइनल में भारतीय टीम ने इंग्लैंड को 7 विकेट से हराकर ऐतिहासिक जीत दर्ज की है. Potchefstroom में खेले गए फाइनल मुकाबले में इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी की. भारतीय गेंदबाजों ने शुरू से लेकर एंड तक इंग्लैंड के बल्लेबाजों को परेशान कर रखा और मात्र 68 रन के निजी स्कोर पर पूरी इंग्लैंड टीम को आउट कर दिया. भारत की ओर से साधु, अर्चना देवी और चोपड़ा ने दो—दो बल्लेबाजों को आउट किया. मन्नत कश्यप, शैफाली वर्मा और सोनम यादव को एक—एक विकेट मिला.

68 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने अपने शुरुआती दो विकेट 20 रन के अंदर गिरा दिए. कप्तान शैफाली वर्मा 15 रन बनाकर आउट हुईं जबकि श्वेता शेरावत 5 रन ही बना सकीं. लेकिन इसके बाद सौम्या तिवारी और त्रिशा ने संभलकर खेलते हुए टीम को लक्ष्य के नजदीक पहुंचाया. त्रिशा 24 रन बनाकर तीसरे विकेट के रूप में आउट हुईं. सौम्या तिवारी 24 रन बनाकर नॉट आउट रहीं और उन्होंने विनिंग रन बनाया.