आगरालीक्स…स्कूल प्रबंधन का निर्णय-पूरी फीस नहीं दी तो बच्चों को वार्षिक परीक्षा में बैठने नहीं दिया जाएगा. बिना टीसी के किसी भी स्कूल में नहीं दिया जाएगा एडमिशन..
एसोसिएशन आॅफ प्रोगे्रसिव स्कूलस आॅफ आगरा (अप्सा) ने सक्षम पेरेंट्स द्वारा भी बच्चों की फीस न भरे जाने पर रोष जताया है. संगठन ने बताया कि विगत कुछ महीनों में स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हो चुकी है और अर्थव्यवस्था व आमदनियां भी पटरी पर आ गई हैं. ऐसे समय में भी काफी बड़ी संख्या उन अभिभावकों की है जो कि आर्थिक रूप से सक्षम हैं या पुनः स्थापित हो चुके हैं, लेकिन उनके द्वारा इस संकट के समय व महामारी के बहाने का अभी भी दुरुपयोग किया जा रहा है. जबकि वे सरकार से वेतन या प्रकारान्तर से भी अपनी आर्थिक स्थिति सुदृढ़ बनाए हुए हैं. अप्सा का कहना है कि सक्षम अभिभावकों को समयानुसार फीस देनी है, जिससे पूरी सामाजिक अर्थव्यवस्था चलती रहे.
अप्सा ने लिया बड़ा निर्णय
मार्च 2021 में अप्सा संगइन के विद्यालयों में नर्सरी से 9वीं व 11वीं तक की वार्षिक परीक्षाएं भौतिक रूप से संपन्न कराई जानी हैं, जिसमें सोशल डिस्टेंसिंग का पूरा पालन किया जाना है. इस संदर्भ में अप्सा संगइन ने यह फैसला लिया है कि बिना पूरी फीस लिए ऐसे अभिभावकों के बच्चों को वार्षिक परीक्षा में बैठने नहीं दिया जाएगा. ऐसे सक्षम अभिभावकों की प्रशासन से शिकायत व कानूनी कार्रवाई की जाएगी. इस संदर्भ में एक निर्णय लिया गया है कि बिना टीसी के कोई भी विद्यालय एडमिशन नहीं देगा, चाहे वह अप्सा संगठन का हिस्सा हों या न हों. इस दौरान अध्यक्ष डाॅ. सुशील गुप्ता, सचिव डाॅ. गिरधर शर्मा, कोषाध्यक्ष प्रद्युम्न चतुर्वेदी मौजूद रहे.