आगरालीक्स.. आगरा के रात में दीदार करने के लिए अब ऑनलाइन टिकट। ऑफलाइन टिकट से नहीं आ पा रहे थे पर्यटक। मात्र 0.2 प्रतिशत लोगों ने रात में ताज देखा।
आईटीआई दाखिल की गई थी इस संबंध में

आगरा के ताजमहल के रात्रि दीदार के संबंध में अधिवक्ता केसी जैन ने आईटीआई दाखिल की थी, जिसमे एएसआई ने विस्तृत जानकारी दी थी। इसके मुताबिक ऑफलाइन टिकट लेकर ताज के रात्रि दीदार करने वालों की संख्या विगत 5 वर्षों में काफी कम थी।
पांच साल में मात्र 32,628 लोगों ने रात में ताजमहल देखा
वित्तीय वर्ष 2018-19 में कुल 8880 लोगों ने रात्रि में ताज देखा। वर्ष 2019-20 में 9666 लोगों ने देखा। वर्ष 2020-21 में कोविड महामारी के कारण रात्रि दर्शन बन्द थे। वर्ष 2021-22 व 2022-23 में क्रमशः 5613 व 8469 लोगों ने ताज का रात्रि दीदार किया। इस प्रकार 5 वर्षों में कुल देखने वालों की संख्या 32,628 थी।
रात्रि में ताज देखने वालों की संख्या कुल 0.2 प्रतिशत
यदि इसी अवधि में दिन में ताज को देखने वाले ऑफलाइन टिकट लेकर पर्यटकों की संख्या देखी जाये तो वह वर्ष 2018 में 65,74,858 थी वर्ष 2019 में 56,84,174 थी, वर्ष 2020 में 10,42,994 थी, वर्ष 2021 में 2,56,675 थी वर्ष 2022 में 21,41,210 थी। इस प्रकार 5 वर्षों में ऑफलाइन टिकट लेकर ताज को दिन में देखने वालों की कुल संख्या 1,56,99,911 थी। इस प्रकार 5 वर्षों में दिन में देखने वालों की संख्या 1,56,99,911 की तुलना में ताज के रात्रि में दर्शन करने वालों की संख्या कुल 32,628 थी जो कि मात्र 0.2 प्रतिशत थी।
ताजमहल का जितने पर्यटक रात्रि दर्शन कर सकते थे उससे सापेक्ष में कुल 35 प्रतिशत लोगों ने देखा ताज
रात्रि दर्शन में प्रत्येक दिन 400 व्यक्ति अधिकतम जा सकते हैं और रात्रि दर्शन 5 दिन के लिए खुला होता है। यदि रमजान के दिनों को हटा भी दिया जाये तो कम से कम 20,000 लोग प्रतिवर्ष रात्रि दर्शन कर सकते थे, जो 5 वर्षों में कम से कम 1,00,000 लोग होते। कुल मिलाकर लगभग 32 प्रतिशत पर्यटक ही ताज के रात्रि दर्शन का लाभ उठा सके।