Indian shuttler Saina Nehwal is world no 1
भारतीय खिलाड़ी साइना नेहवाल ने दुनिया की नंबर एक महिला खिलाड़ी बनने का जश्न जीत के साथ मनाते हुए इंडिया ओपन सुपर सीरिज बैडमिंटन टूर्नामेंट के फाइनल में प्रवेश किया। सेमीफाइनल में साइना ने जापान की यूई हाशिमोटो को 21-15, 21-11 से हराया। पहले सेमीफाइनल में कैरोलिन मारिन को हार मिली, जिससे भारतीय खिलाड़ी को शीर्ष पायदान हासिल हो गई।
सेमीफाइनल में साइना शुरुआत से ही हावी थी, हालांकि शुरुआती बढ़त जापानी खिलाड़ी ने हासिल की। मगर साइना ने जोरदार वापसी करते हुए सीधे गेमों में मुकाबला जीता। रविवार को होने वाले फाइनल में साइना का सामना रात्चानोक इंतानोन से होगा।
महिला वर्ग की आधिकारिक विश्व रैंकिंग गुरुवार को घोषित होगी, लेकिन अंकों की गणना में साइना का नंबर वन बनना तय हो चुका है। साइना को उनके करियर की शुरुआत में पूर्व ऑल इंग्लैंड चैंपियन पुलेला गोपीचंद ने प्रशिक्षण दिया।
फिर गोपीचंद से उनके कुछ मतभेद हुए, जिसके बाद साइना ने पूर्व राष्ट्रीय चैंपियन विमल कुमार से प्रशिक्षण लेना शुरू किया। फिलहाल वे विमल के मार्गदर्शन में ही प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। साइना को वर्ष 2010 में देश के सर्वोच्च खेल सम्मान राजीव गांधी खेल रत्न से भी नवाजा जा चुका है।